जम्मू में पार्किंग के लिए नहीं है पर्याप्त जगह
नगर निगम और जम्मू विकास प्राधिकरण की शहर में दस के करीब पार्किंग है, जो कि बड़ी तादाद में हर वर्ष पंजीकृत होने वाले वाहनों के लिए अपर्याप्त है।
यही नहीं, पार्किंग को लेकर ताजा हाल में नगर निगम की आयुक्त मंदीप कौर और ठेकेदारों में विवाद भी बना हुआ है। शहर में जेडीए और निगम की दस पार्किंग हैं।
पार्किंग को लेकर निगम और ठेकेदारों में बना तनाव
राज्य सरकार ने सिटी चौक, मुबारक मंडी और जनरल बस स्टैंड में मल्टी स्टोरी पार्किंग बनाने का प्रस्ताव बनाया है, लेकिन वह भी अभी तक कागजों में ही है।
शहर की प्रत्येक पार्किंग में छोटे-बड़े तीन सौ से पांच सौ तक वाहनों को खड़ा करने की क्षमता है, जबकि मौजूदा समय में शहर में छोटे-बड़े 4.5 लाख वाहन हैं, जो कि मंदिरों के शहर में दौड़ते हैं। पुराने शहर में वाहनों को खड़े करने की स्थिति यह है कि लोगों को अपने घरों से दूर सड़क पर वाहन खड़े करने पड़ते हैं।
शहर की सड़कों में वाहन खड़ा करने पर ट्रैफिक पुलिस उन्हें लिफ्ट क्रेन से अपने कब्जे में ले लेती है। नगर निगम के संयुक्त आयुक्त (प्रशासन) आरएस जम्वाल के मुताबिक सरकार पार्किंग को लेकर जल्द ही कोई ठोस फैसला लेने वाली है, जिससे कई मुश्किलें आसान हो जाएंगी।