जम्मू: खेल कोटे की चयन सूची पर एसीबी की नजर, जम्मू-श्रीनगर स्पोर्ट्स काउंसिल कार्यालयों में खंगाला रिकॉर्ड
खेल कोटे के तहत सरकारी नौकरियों में चयन को लेकर उठे विवाद के बीच एसीबी ने जम्मू और श्रीनगर स्थित स्पोर्ट्स काउंसिल के कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर रिकॉर्ड और दस्तावेज खंगाले। टीम ने खिलाड़ियों के खेल प्रमाणपत्र, प्रतियोगिता रिकॉर्ड और चयन प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेजों का मिलान किया।
विस्तार
खेल कोटे के तहत सरकारी नौकरियों के लिए खिलाड़ियों के चयन को लेकर चल रहे विवाद के बीच भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर स्पोर्ट्स काउंसिल के जम्मू और श्रीनगर स्थित कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। एसीबी की टीम ने कार्यालय पहुंचकर चयन प्रक्रिया से जुड़े जरूरी रिकॉर्ड और दस्तावेज की जांच की। टीम ने अधिकारियों से संबंधित फाइलें और दस्तावेज लिए तथा चयन प्रक्रिया से जुड़े रिकॉर्ड का मिलान किया।
टीम ने प्रशासनिक रिकॉर्ड के साथ खिलाड़ियों के खेल प्रमाणपत्र, प्रतियोगिताओं और चयन प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेज की भी पड़ताल की। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि चयन के दौरान तय नियमों और पात्रता मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
औचक निरीक्षण के बाद स्पोर्ट्स काउंसिल में दिनभर इस कार्रवाई को लेकर चर्चा रही। एसीबी की टीमें ने जम्मू में करीब दो घंटे तक कार्यालय में रही। बता दें कि एसीबी ने जम्मू-कश्मीर स्पोर्ट्स काउंसिल के विभागीय सतर्कता अधिकारी, को पत्र भेजकर शिकायत में लगाए गए आरोपों पर तथ्यात्मक सत्यापन रिपोर्ट भी मांगी है।
इसके आधार पर दस्तावेज की जांच आगे बढ़ाई जाएगी। फिलहाल एसीबी की ओर से मामले में किसी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की पुष्टि नहीं की गई है न ही निरीक्षण को लेकर कोई जानकारी साझा की है।
225 खिलाड़ियों की चयन सूची पर उठा था विवाद
अगस्त में एसीबी को शिकायत मिली थी। इसमें एसओ-12 की प्रोविजनल मेरिट सूची में शामिल 225 खिलाड़ियों को लेकर सवाल उठाए थे। आरोप है कि सूची में कुछ ऐसे खेलों से जुड़े उम्मीदवार भी शामिल हैं, जिनकी मान्यता, नियामक ढांचे और सत्यापन को लेकर सवाल हैं। प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया और उम्मीदवारों की पात्रता की जांच की मांग भी की गई थी। इसको लेकर खिलाड़ियों ने आंदोलन भी किया था। अब इन आरोपों का रिकॉर्ड के आधार पर सत्यापन कर रही है।