जम्मू-कश्मीर: सांबा और कठुआ में संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन दिखने से हड़कंप, सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी
जम्मू-कश्मीर के सांबा और कठुआ जिलों में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन दिखाई देने के बाद सुरक्षाबलों ने व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
विस्तार
जम्मू-कश्मीर के सांबा और कठुआ जिलों में अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) के पास संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन देखे जाने के बाद सुरक्षा बलों ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया है। अधिकारियों के अनुसार, दोनों स्थानों पर ड्रोन की गतिविधियों के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार देर रात सांबा जिले के विजयपुर क्षेत्र के अग्रिम गांव तरोर के ऊपर सेना के जवानों ने एक संदिग्ध ड्रोन को उड़ते हुए देखा। इसके तुरंत बाद सेना ने एंटी-ड्रोन सिस्टम सक्रिय कर दिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ड्रोन भारतीय सीमा से वापस पाकिस्तान की ओर लौट गया।
वहीं, शुक्रवार शाम कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर के चक नलुआ गांव के ऊपर भी कुछ समय के लिए एक संदिग्ध ड्रोन मंडराता हुआ दिखाई दिया। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान शुरू किया।
सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि ड्रोन ने भारतीय क्षेत्र में कोई संदिग्ध सामान या पेलोड तो नहीं गिराया। इसके लिए दोनों स्थानों पर व्यापक स्तर पर सर्च ऑपरेशन जारी है। अधिकारियों ने बताया कि हाल के दिनों में सीमा पार से ड्रोन गतिविधियों में बढ़ोतरी को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय सीमा पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। सुरक्षा बल हर संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं।