जम्मू में ज्वैलर्स शोरूमों पर आयकर का औचक निरीक्षण, बाजार में हड़कंप
नोटों के बदले सोना दिए जाने की सूचना के आधार पर आयकर विभाग ने जम्मू, विजयपुर, सांबा, कठुआ और उधमपुर के 25 प्रमुख ज्वैलर्स की दुकानों में सर्वे किया। दस्तावेज की जांच की। आयकर विभाग को सूचना मिली थी कि कुछ नौकरशाह, प्रापर्टी डीलर इन ज्वैलर्स के पास सोना खरीद का बिल ले रहे हैं।
ज्वैलर्स आठ नवंबर की पुरानी तारीख डालकर बिल दे रहे हैं और करोड़ों रुपये की हेराफेरी कर रहे हैं। सर्वे की सूचना से मचे हड़कंप के बीच सर्राफा बाजार (लखदाता और जैन बाजार) दोपहर बाद पूरी तरह से बंद हो गए। आयकर विभाग की टीम ने सूचना के आधार पर जम्मू में छह, सांबा में चार, विजयपुर में चार, उधमपुर में चार, कठुआ में सात दुकानों पर कार्रवाई की।
जम्मू के प्रतिष्ठित टल्ला ज्वैलर्स, मुल्ख राज ज्वैलर्स, राधिका ज्वैलर्स, विजय जैन ज्वैलर्स और वर्धमान ज्वैलर्स आदि की दुकानों पर दोपहर करीब एक बजे अचानक आयकर विभाग की टीमें पहुंचीं। जम्मू-कश्मीर आयकर विभाग की प्रधान आयुक्त सचिव संगीता गुप्ता के अनुसार विभाग ने करीब 25 टीमों का गठन किया था। एक टीम में तीन आयकर अधिकारी शामिल थे।
पुरानी तारीख के बिल पर बेचा जा रहा है सोना
रिपोर्ट मिली कि कुछ लोग करोड़ों रुपये देकर ज्वैलर्स से सोना खरीद रहे हैं। पुरानी तारीख के बिल पर सोना बेचा जा रहा है। एक साथ सभी ज्वैलर्स की दुकानों में सर्वे किया गया। सर्वे में ज्वैलर्स के दस्तावेज, कागजात, बिल बुक आदि की जांच की गई।
कुछ का रिकार्ड भी जब्त किया गया। रिपोर्ट थी कि ज्वैलर्स एक हजार और पांच सौ रुपये के पुराने नोटों को ले रहे हैं। सर्वे के दौरान स्थानीय पुलिस भी सुरक्षा के मद्देनजर तैनात रही।