J&K: सरकारी जमीन पर बुलडोजर चला तो भड़के लोग, अतिक्रमण हटाने गई राजस्व व जेडीए टीम पर पथराव, दो गैंगमैन घायल
जम्मू के बेलीचराना में सरकारी जमीन पर बने अवैध निर्माण हटाने पहुंची राजस्व, जेडीए और पुलिस टीम पर स्थानीय लोगों ने पथराव कर दिया, जिसमें दो गैंगमैन घायल हो गए और वाहनों को नुकसान पहुंचा। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग और हवाई फायरिंग करनी पड़ी, जबकि छह नामजद समेत कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
विस्तार
बेलीचराना में सरकारी जमीन पर निर्माणाधीन अवैध मकानों को ध्वस्त करने पहुंची राजस्व, जम्मू विकास प्राधिकरण (जेडीए) और पुलिस टीम पर स्थानीय लोगों ने पथराव कर दिया। आरोप लगाया कि कब्रिस्तान की दीवार तोड़ी जा रही है। हमले में दो गैंगमैन घायल हो गए। जेडीए की जेसीबी समेत दो वाहनों के शीशे टूट गए।
बचाव के लिए पुलिस को बल प्रयोग के साथ हवाई फायरिंग करनी पड़ी। नवाबाद पुलिस थाने में छह नामजद और अज्ञात लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। बेलीचराना में करीब दस कनाल भूमि पर अवैध कब्जे और अनधिकृत रूप से निर्माणाधीन मकानों को ध्वस्त करने शुक्रवार देर शाम पुलिस के साथ राजस्व विभाग और जेडीए की टीम पहुंची थी। जेसीबी ने एक मकान की छत ढहाने के बाद जैसे ही दूसरे मकान की बाउंड्री को तोड़ना शुरू किया तो स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। कार्रवाई में रुकावट पैदा की। पुरुषों के साथ महिलाएं भी विवाद करने लगीं।
उपद्रवियों ने जेडीए की जेसीबी के साथ दो वाहनों के शीशे तोड़े : सराजस्व कर्मी अभी लोगों को समझा रहे थे कि अचानक कुछ लोगों ने पथराव करना शुरू कर दिया जिससे भगदड़ मच गई। उपद्रवियों ने जेसीबी के साथ ही दो वाहनों के शीशे तोड़ डाले। पत्थर लगने से दो गैंगमैन घायल हो गए। कर्मचारी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। पुलिस ने लाठियां भांजनी शुरू की तो पथराव और तेज हो गया। अंतत: अन्य कोई उपाय न सूझता देख पुलिस ने हवाई फायरिंग कर भीड़ को तितर-बितर किया।
आरोपियोंं की तलाश शुरू : उधर जेडीए और पुलिस टीम पर पथराव व बचाव में हवाई फायरिंग किए जाने की सूचना पर अधिकारियों के साथ ही कई अन्य थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। देर रात नावाबाद पुलिस थाने में छह नामजद समेत अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। एसएचओ इशांत गुप्ता ने बताया कि आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। इस बाबत जेडीए उपाध्यक्ष रूपेश ने कोई भी टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया। शनिवार को मौके पर स्थिति सामान्य रही।