श्रीनगर: लोकसभा के साथ ही कराए जाएं विधानसभा चुनाव, राजनीतिक प्रतिनिधियों ने चुनाव आयोग से उठाई मांग
नेकां के प्रतिनिधि नासिर असलम वानी ने कहा कि उन्होंने चुनाव अधिकारियों से लोकसभा के साथ ही विधानसभा चुनाव कराए जाने की मांग की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के नेतृत्व में चुनाव आयोग की टीम तीन दिवसीय दौरे पर जम्मू कश्मीर पहुंची हुई है। मंगलवार को श्रीनगर में आयोग की टीम ने सबसे पहले राजनीतिक प्रतिनिधियों से मुलाकात की।
मुलाकात के बाद नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के प्रतिनिधि नासिर असलम वानी ने कहा कि उन्होंने चुनाव अधिकारियों से लोकसभा के साथ ही विधानसभा चुनाव कराए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि लोगों को पिछले दस साल से अपनी सरकार चुनने का मौका नहीं मिला है। प्रदेश की जनता की लोकतांत्रिक अधिकारों से वंचित रखा गया है। उन्होंने कहा पीएम मोदी 'एक देश,एक चुनाव' की बात कर रहे हैं तो क्यों ने इसे जम्मू कश्मीर से ही शुरू किया जाए। वानी ने कहा कि अधिकारियों ने उनकी बातें काफी धैर्य से सुनी है। उम्मीद है इन पर उचित फैसला लिया जाए।
नेकां की अन्य नेता ने कहा कि उन्होंने प्रदेश के लोगों को लोकतांत्रिक हक दिया जाने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि अमरनाथ यात्रा के शुरू होने से पहले विधानसभा चुनाव कराए जाने चाहिए, ताकि सुरक्षा के मद्देनजर स्थिति अधिक चुनौतीपूर्ण न बने। उन्होंने कहा प्रदेश में चुनाव कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ता है, ऐसी हालात नहीं बनने चाहिए।
भाजपा के प्रतिनिधि आरएस पठानिया ने कहा कि लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत कैसे बढ़े, इस पर उन्होंने आयोग के अधिकारियों से बात की। साथ ही लोग आसानी से मतदान कर सकें, इस पर भी चर्चा की गई। भाजपा ने कश्मीरी पंडितों की चुनाव में भागीदारी बढ़ाने के लिए देश के दूसरे हिस्सों में पोलिंग बूथ बनाने की भी मांग उठाई। पठानिया ने कहा कि भाजपा प्रदेश में जल्द विधानसभा चुनाव कराने की पक्षधर है। लोकसभा और विधानसभा चुनाव साथ-साथ किए जाएंगे तो भाजपा इसका समर्थन करेगी।
पीडीपी के प्रतिनिधि गुलाम नबी लोन हंजूरा ने कहा कि लोकसभा के साथ सुरक्षा स्थिति ठीक है तो विधानसभा चुनाव कराए जाने चाहिए। हम यही उम्मीद करते हैं कि जल्द से जल्द विधानसभा चुनाव हों। साथ ही उन्होंने प्रदेश में सर्विस वोटर के मुद्दे को भी उजागर किया।
बुधवार को जम्मू पहुंचेगी चुनाव आयोग की टीम
अधिकारियों ने बताया कि राजनीतिक दलों के साथ बैठक के बाद चुनाव आयोग जिला चुनाव अधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ चुनाव तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की जानी है। बाद में शाम को, चुनाव आयोग के अधिकारी जम्मू-कश्मीर के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पीके पोल और राज्य पुलिस के नोडल अधिकारियों के साथ बातचीत करेंगे। चुनाव आयोग के अधिकारी बुधवार को जम्मू में इसी तरह की बातचीत करेंगे।