नेशनल हाईवे बंद, चट्टानें हटाने को किए गए ब्लास्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
घाटी में हलकी बूंदाबांदी और जम्मू में मौसम पूरी तरह से साफ रहने के बावजूद बुधवार तीसरे दिन भी जम्मू-कश्मीर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बहाल नहीं हो सका। उधमपुर के खैरी इलाके में भूस्खलन के बाद बंद पड़े हाईवे को खोलने में सेना और ग्रेफ को देर शाम तक कामयाबी नहीं मिल पाई।
राजमार्ग पर मलबे के साथ आई बड़ी चट्टानों को हटाने के लिए ब्लास्ट किए गए। पर राजमार्ग से मलबा हटाते ही बड़े पत्थरों के साथ और भी मलबा नीचे आ रहा है। हाईवे बंद रहने से दोनों ओर रास्ते में सैकड़ों वाहन फंसे हुए हैं। बटोत के सनासर पंचायत का एक प्राइमरी स्कूल भूस्खलन से तबाह हो गया है।
इसी पंचायत के चौड़ गांव में आठ मकान गिर गए हैं, जबकि नौ गिरने की कगार पर हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में कुछ इलाकों में हलकी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। खैरी में पहाड़ी पर हो रहे भूस्खलन के चलते पांच परिवार बेघर हो गए हैं।
पांचों परिवारों के सदस्य अपना सामान लेकर बाहर खुले में आ गए हैं। मलबा अब उनके घरों तक पहुंच गया है। रामबन से बनिहाल के बीच एक दर्जन से अधिक जगहों पर आई पस्सियों को हटा लिया गया। इसमें बाद शाम 5.30 बजे से चंद्रकोट, बटोत, पत्नीटाप, रामबन इलाके में फंसे वाहनों को श्रीनगर के लिए रवाना कर दिया गया।
प्राकृतिक जल स्रोत ने पैदा की दिक्कतें
खैरी इलाके में मलबा हटाने के काम में सबसे ज्यादा परेशानी प्राकृतिक जल स्रोत ने पैदा की है। पहाड़ी पर भूस्खलन के साथ उत्पन्न हुए स्रोत से पानी और मलबा लगातार हाईवे पर गिर रहा है। एसएसपी हाईवे संजय कोतवाल के अनुसार वीरवार सुबह तक हाईवे को खोलने की कोशिश है।
डोडा, रामबन और किश्तवाड़ जिलों में बारिश ने कहर ढाया है। कई ग्रामीण इलाके जिला और तहसील मुख्यालयों से कटे हुए हैं। किश्तवाड़ से पाडर मार्ग पूरी तरह बंद है। जिला कठुआ के बनी और बसोहली इलाके में भी कई संपर्क मार्ग बंद हैं।
इस बीच, कारगिल न्यूनतम तापमान माइनस 9.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे सर्द चल रहा है। इसके बाद गुलमर्ग में माइनस 7.5, पहलगाम में माइनस 4.6, लेह में माइनस 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार को श्रीनगर के अलावा कोकरनाग में थोड़ी बारिश हुई।