वैष्णो देवी यात्रा के लिए खास तैयारी: नवरात्र महोत्सव को लेकर कटड़ा तैयार, 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी जरूरी सेवाएं
कटड़ा में 11 से 19 अक्तूबर तक होने वाले नवरात्र महोत्सव को लेकर प्रशासन ने व्यवस्थाओं की समीक्षा की।श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 24×7 आवश्यक सेवाएं उपलब्ध रखने और महोत्सव से पहले सड़कों की मरम्मत व ब्लैकटॉपिंग पूरी करने के निर्देश दिए गए।
विस्तार
माता वैष्णो देवी मंदिर के आधार शिविर कटड़ा में आगामी नवरात्र महोत्सव को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। नौ दिवसीय यह महोत्सव 11 से 19 अक्तूबर तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे
नवरात्र महोत्सव के दौरान धार्मिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इनमें शोभायात्रा, प्रभात फेरियां, अखिल भारतीय भक्ति गीत प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम, भागवत कथा, कुश्ती प्रतियोगिता और कवि सम्मेलन सहित कई आयोजन शामिल हैं।
सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर जोर
शुक्रवार को कटड़ा में मंडलायुक्त जम्मू रमेश कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई जिसमें महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, पानी और बिजली की आपूर्ति, सड़क मरम्मत, रोशनी, सजावट, अग्निशमन और परिवहन जैसी व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
कटड़ा की सड़कों की होगी मरम्मत
मंडलायुक्त ने लोक निर्माण विभाग को महोत्सव शुरू होने से पहले कटड़ा को जोड़ने वाली सभी सड़कों की जरूरी मरम्मत और ब्लैकटॉपिंग पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही शहर में स्वच्छता बनाए रखने और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर एवं आकर्षक माहौल तैयार करने पर जोर दिया गया।
24 घंटे उपलब्ध रहेंगी जरूरी सेवाएं
मंडलायुक्त ने सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को महोत्सव के दौरान 24 घंटे आवश्यक सेवाओं और कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया ताकि किसी भी समस्या का तत्काल समाधान किया जा सके। प्रशासन का लक्ष्य है कि नवरात्र महोत्सव के दौरान कटड़ा पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।