कश्मीर: बारामुला को सोपोर में सेना ने ढेर किए 2 आतंकी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के सोपोर में सुरक्षाबलों ने हिजबुल के दो आतंकियों को मार गिराया। दोनों के पास से भारी मात्रा में हथियार तथा गोला-बारूद बरामद किया गया है। मंगलवार की रात सुरक्षाबलों ने इनकी घेरेबंदी की थी। इलाके में मोबाइल इंटरनेट सेवा स्थगित रही।
मुठभेड़ के दौरान आतंकियों को बचाने के लिए स्थानीय लोगों ने सुरक्षा बलों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया, जिसके चलते सैन्य अभियान में बाधा भी आई। मारे गए आतंकियों की शिनाख्त पट्टन के इंद्रगाम के बासित अहमद मीर उर्फ ताहिर तथा ब्रथ सोपोर के गुलजार अहमद लोन उर्फ इब्राहिम के रूप में हुई है।
इनके पास से दो एके 47 रायफल, पांच एके मैगजीन, 124 एके राउंड, दो हैंड ग्रेनेड तथा पाउच बरामद किया गया है। सोपोर के पजलपोरा गांव में हिजबुल के दो आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर मंगलवार रात सुरक्षा बलों ने घेरा डाला। आसपास के इलाकों से सेना के जवानों को भी मौके पर बुलाया गया।
सोपोर का डिविजनल कमांडर था गुलजार
पूरी रात घेरेबंदी कड़ी रही, ताकि आतंकी चकमा देकर भाग न निकलें। बुधवार सुबह घेरेबंदी कड़ी होते देख आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी। इस पर जवाबी कार्रवाई में दो आतंकी ढेर किए गए। अभियान में सेना की 22 राष्ट्रीय रायफल्स, एसओजी तथा सीआरपीएफ के जवान शामिल रहे। इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया है, ताकि कोई आतंकी छिपा न हो।
एसएसपी सोपोर हरमीत सिंह ने बताया कि मारे गए आतंकियों में गुलजार सोपोर में हिज्ब का डिवीजनल कमांडर था। वह पिछले करीब 4 वर्षों से जिले में सक्रिय था। ए प्लस श्रेणी का यह आतंकी युवाओं को संगठन में शामिल कराने में मुख्य भूमिका निभा रहा था।