घर में घुस युवक पर बरसाईं गोलियां: मारने के बाद हाथ काट ले गए हत्यारे, तड़पते हुए तोड़ा दम, नहीं मिली कोई मदद
हत्यारों ने क्रूरता की हदें पार करते हुए युवक पर तेजधार हथियार से हमला किया और उसका बाजू धड़ से अलग कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद जाते समय बदमाश युवक के कटे बाजू को अपने साथ ही ले गए।
विस्तार
सांबा जिले के विजयपुर के गड़वाल गांव में गोली मारकर बदमाशों ने एक युवक की हत्या कर दी। हत्यारों ने क्रूरता की हदें पार करते हुए युवक पर तेजधार हथियार से हमला किया और उसका बाजू धड़ से अलग कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद जाते समय बदमाश युवक के कटे बाजू को अपने साथ ही ले गए। यह बीच गांव में हुई, और युवक को बचाने के लिए कोई नहीं आया। मामला सोमवार का है।
मृतक की पहचान अक्षय कुमार (23) पुत्र बनारसी दास निवासी गड़वाल के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार शाम को करीब छह बजे दो गाड़ियों में भरकर करीब आठ से 10 बदमाश आए। उन्होंने अक्षय को गांव के मुख्य चौक पर घेर लिया। खतरा भांपते ही अक्षय जान बचाने के लिए चौक से भागा और अपने घर में घुस गया। उसने घर में घुसकर जान बचाने की कोशिश की, लेकिन वह ऐसा कर नहीं पाया।
पीछा करते हुए घर पहुंचे हत्यारे
बदमाश उसके पीछे ही उसके घर पहुंच गए और अक्षय पर गोलियां बरसाने लगे। बदमाशों ने एक दर्जन से अधिक गोलियां चलाईं, जिससे अक्षय की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद भी बदमाश रुके नहीं। उन्होंने अक्षय के बेजान शरीर पर तेजधार हथियार से हमला किया और उसका बाजू काट दिया। जाते समय वे अक्षय का कटा बाजू अपने साथ ले गए।
मदद के लिए नहीं पहुंचा कोई
जिस समय अक्षय पर हमला हुआ, उस समय अक्षय के पिता बनारसी दास घर में ही थे। उन्होंने गोलियां चलने के साथ ही शोर मचाना शुरू कर दिया था, लेकिन मोहल्ले से उनकी मदद के लिए कोई नहीं पहुंचा। इसके कारण बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद आराम से चले गए।
पिता ने बताया - गांव के ही युवक हैं हत्यारे
वारदात के बाद सूचना मिलने पर अतिरिक्त एसपी सुरिंदर चौधरी के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। अस्पताल में बनारसी दास ने पुलिस को बताया कि हमलावरों में कुछ युवक उनके गांव के ही थे। उन्होंने किसी पुरानी रंजिश के कारण अक्षय की हत्या की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अक्षय पर हमला करने वाले वही लोग हैं, जिन्होंने कोई 10 से 12 दिन पहले रामगढ़ के सुझातपुर में एक युवक पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। वह युवक भी अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के छापामारी शुरू कर दी है। जल्द सभी दोषियों को पकड़ लिया जाएगा। - सुरिंदर चौधरी, अतिरिक्त एसपी, सांबा