अनंतनाग उपचुनाव को लेकर बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में भिड़े भाजपा-नेकां कार्यकर्ता
श्रीनगर हिंसा के बाद अनंतनाग उपचुनाव को लेकर बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में नेशनल कांफ्रेंस और भाजपा नेता भिड़ गए। बैठक मुख्य चुनाव अधिकारी ने बुलाई थी। मतदान टालने के मुद्दे पर सियासी दलों के नुमाइंदों में तीखी बहस हुई।
बैठक में शामिल नेताओं के अनुसार नेशनल कांफ्रेंस के अकबर अहमद लोन ने भाजपा नेताओं पर राम माधव के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए उनकी ओर गिलास फेंका। इस पर भड़के भाजपा नेताओं ने भी उनकी ओर गिलास उछाल दिया।
बैठक में शामिल नेताओं के मुताबिक नेकां के अकबर लोन तथा भाजपा के प्रतिनिधियों आसिफ मसूदी एवं मो. अशरफ रेशी के बीच तीखी बहस हुई। भाजपा प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने बताया कि बैठक में अकबर लोन ने राष्ट्रीय महासचिव राममाधव को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए कहा कि वे राममाधव के बेटे हैं।
बैठक में भिड़ गए कार्यकर्ता
उन्होंने ही भाजपा और आरएसएस को कश्मीरियों को थोपा है। गालियां देते हुए उन्होंने मसूदी और रेशी की ओर गिलास फेंका। इस पर दोनों ने विरोध दर्ज कराया और उन्होंने भी लोन पर गिलास फेंका। इस दौरान हाथापाई की नौबत भी उत्पन्न हो गई। उन्होंने चेताया कि वे राममाधव के खिलाफ कुछ भी सुनने को तैयार नहीं हैं। बैठक में नेकां की ओर से अली मोहम्मद सागर व मोहम्मद अकबर लोन, कांग्रेस के उस्मान मजीद व जीएन मोंगा तथा पीडीपी के वहीद रहमान पर्रा व पीर मंसूर ने हिस्सा लिया।