जम्मू। जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड (जेएससीएल) के तहत चलने वाली ई-बसों के अस्थायी रूट प्लान को मंजूरी मिल गई है। इसके तहत सात इंट्रा सिटी और पांच इंटर-सिटी मार्गों की पहचान की गई है। इंट्रा सिटी रूट्स में जम्मू रेलवे स्टेशन से पंजतीर्थी तक शामिल हैं, जबकि इंटर सिटी रूट्स में जम्मू एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन से कटड़ा हेलीपैड को शामिल किया है। वीरवार को जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड के निदेशक मंडल की 14वीं बैठक में इस योजना को मंजूरी दी गई।
स्मार्ट सिटी निदेशक मंडल की बैठक की अध्यक्षता मंडलायुक्त जम्मू रमेश कुमार ने की। इस दौरान नगर निगम आयुक्त और जेएससीएल के सीईओ राहुल यादव ने परियोजना पर एक विस्तृत प्रस्तुति दी। बैठक दौरान अधिकारियों ने मंडलायुक्त को अवगत करवाया कि जेएससीएल ने अनुबंध की शर्तों के अनुसार इलेक्ट्रिक बसों और डिपो डिजाइन, रंग सहित अन्य आवश्यक विवरणों को मंजूरी दे दी है। टाटा मोटर्स ने प्रोटोटाइप ई-बस का उत्पादन शुरू कर दिया है जिसका निरीक्षण जेएससीएल द्वारा किया जाएगा। बैठक के दौरान, एकीकृत कमांड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी), इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) और वेबजीआईएस जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। बोर्ड को सूचित किया कि जेएससीएल क्लाउड-आधारित डेटा सेंटर की शर्तों को 12 महीने के लिए उसी दर पर बढ़ाने पर विचार कर सकता है जो अनुबंध में है। निदेशक मंडल ने दो स्मार्ट सिटी परियोजनाओं स्मार्ट शौचालय और आईटी स्मार्ट पार्किंग परियोजना की पुनर्निविदा को भी मंजूरी दी गई। बोर्ड ने जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड के लिए एक नए लोगो को भी मंजूरी दी। बैठक में डीसी जम्मू अवनी लवासा, निदेशक पर्यटन विवेकानंद राय, वीसी जेडीए पंकज मगोत्रा, एसीईओ, जेएससीएल राकेश गुप्ता, निदेशक स्कूल शिक्षा जम्मू, डॉ. रविशंकर शर्मा,एसएसपी जम्मू चंदन कोहली व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।