बिश्नाह। डीडीसी सदस्य धर्मेंद्र कुमार ने गांव कोठी मोड़ से चक्क जराला सड़क का निर्माण कार्य रविवार को शुरू कराया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता ने मुझे चुना है। मैं भरोसा दिलाता हूं कि आप लोगों ने जिस काम के लिए मुझे चुना है मैं वह सारे काम पूरी मेहनत और लगन से कराने की कोशिश करूंगा।
आज हमने 15 वर्ष से भी अधिक समय से टूटी सड़क को बनाने का काम शुरू कराया है। इसके साथ ही बहुत जल्द इस पंचायत के अन्य लंबित कामों को भी तवज्जो देते हुए शुरू कराया जाएगा। सरपंच जितेंद्र सिंह ने डीडीसी सदस्य, पूर्व मंत्री शाम लाल चौधरी और ग्रामीणों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि बहुत समय से क्षेत्र के ग्रामीण लोग इस सड़क को बनवाने के लिए विभागों, विधायकों और मंत्रियों की मिन्नतें कर रहे थे। आज यह सड़क बनने जा रही है, जिसकी मैं ग्रामीणों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं। इस दौरान पंच विनोद शर्मा, गुरपाल सहित ग्रामीण मौजूद रहे।