जम्मू। शहर में गुरुद्वारों में मंगलवार को गुरु गोबिंद सिंह जी का प्रकाश पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। ठंड और बारिश के बीच भी शहर के गुरु द्वारों में बड़ी संख्या में संगत उमड़ी। नानक नगर स्थित गुरुद्वारा साहिब में सुबह से संगत जुटनी शुरू हो गई थी। इसके अलावा गांधी नगर, चांद नगर, डिग्याना स्थित गुरुद्वारों में भी भव्य कार्यक्रम हुए, जहां बड़ी संख्या में संगत ने माथा टेककर सरवत के भले की अरदास की। रागी जत्थों ने कीर्तन कर संगत को गुरु चरणों से जोड़ा।
शहर में रंग-बिरंगी लाइटों से सजे गुरुद्वारों में सुबह से शाम तक पाठ और शबद कीर्तन चलता रहा। हालांकि कोरोना संक्रमण की वजह से इस बार गुरुद्वारों में ज्यादा भीड़ एकत्रित नहीं होने दी। संगत ने कोरोना महामारी से छुटकारे की अरदास की। साथ ही आंदोलनरत किसानों के लिए सुख समृद्धि मांगी। प्रकाशोत्सव के संदर्भ में सभी गुरुद्वारों में 20 जनवरी को बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटियां तैयारियों में जुट गई हैं। समागमों के दौरान सरकार की ओर से जारी किए गए कोविड प्रोटोकोल का विशेष ध्यान रखा जाएगा।