पुलवामा: पुलिस चौकी फूंक हथियार लूटे, मौत के साथ आंकड़ा 32 पहुंचा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पिछले तीन दिनों से आतंकी बुरहान वानी की मौत पर अशांत घाटी में मंगलवार को पुलवामा में दो पुलिस चौकी को भीड़ ने फूंक दी। एक चौकी से हथियार लूटे जाने की भी सूचना है। श्रीनगर सहित दक्षिणी कश्मीर के चार जिलों के 11 थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू है।
बुरहान की चौथी होने की वजह से सुरक्षा बल काफी चौकस रहा, लेकिन पाबंदियों को किनारे करते हुए हजारों लोग त्राल स्थित उसके आवास पर पहुंच गए। बिजबिहाड़ा में एक युवक की मौत के साथ मरने वालों का आंकड़ा 32 तक पहुंच गया है। लगभग डेढ़ हजार लोग घायल हुए हैं। मोबाइल इंटरनेट तथा रेल सेवा चौथे दिन भी ठप रही।
पुलवामा जिले के लोसीपोरा तथा रोहामू पुलिस चौकी पर युवकों ने हमला बोल दिया। उन्होंने इसे आग के हवाले कर दिया। इन्हीं में से एक पुलिस चौकी से हथियार लेकर भागने की भी सूचना है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
अनंतनाग जिले के बिजबिहाड़ा में पुलिस फायरिंग में घायल एक युवक की सोमवार को देर रात श्रीनगर के अस्पताल में मौत हो गई। दक्षिणी कश्मीर के दमहाल हांजीपोरा पुलिस थाने पर भीड़ के हमले के बाद से लापता तीन पुलिसकर्मियों का अब तक पता नहीं चल पाया है। साथ ही यहां से गायब हथियार का भी सुराग नहीं मिला है।
सोपोर में पुलिस चौकी पर आतंकी हमला
उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के सोपोर में आतंकियों ने पुलिस चौकी पर हमला कर दिया। इलाके के वारपोरा पुलिस चौकी पर आतंकियों ने सात-आठ गोलियां बरसाईं। इसके बाद सेब के बागीचे में फरार हो गए।
शहर के नूरबाग क्षेत्र में कानून व्यवस्था के लिए तैनात सुरक्षाबलों को निशाना बनाकर पेट्रोल बम फेंका गया। सीमेंट ब्रिज के पास हुई इस घटना में हालांकि कोई जवान घायल नहीं हुआ, लेकिन काफी देर तक अफरातफरी की स्थिति रही।
बंद से जनजीवन प्रभावित
अलगाववादियों के बंद के आह्वान से घाटी में सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। दुकाने, निजी कार्यालय, व्यापारिक प्रतिष्ठान तथा पेट्रोल पंप बंद रहे। सरकारी कार्यालयों में उपस्थिति काफी कम रही। सड़कों पर वाहन नहीं चले। कार तथा आटो रिक्शा कुछ स्थानों पर चलते दिखे। गड़बड़ी की आशंका में अलगाववादी सैयद अली शाह गिलानी, मीरवाइज उमर फारूक, मोहम्मद यासीन मलिक सहित कई नेता नजरबंद रहे।