जम्मू। केंद्रीय पर्यटन व संस्कृति राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल को मंगलवार को मुबारक मंडी के दौरे के दौरान क्षेत्रवासियों के विरोध का सामना करना पड़ा। क्षेत्रवासी पार्किंग न होने और मुबारक मंडी कांप्लेक्स के जीर्णोद्धार कार्यों के चलते रास्ता बंद करने से नाराज थे। उन्होंने अपनी मांगों को लेकर मंत्री का घेराव करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस कर्मियों ने बीच बचाव करके मंत्री को वहां से निकाला। लोगों का कहना था कि उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। केंद्रीय मंत्री जम्मू के दौरे पर हैं।
केंद्रीय मंत्री सुबह मुबारक मंडी कांप्लेक्स का निरीक्षण करने पहुंचे, लेकिन इस बीच क्षेत्रवासियों का एक दल वहां पहुंच गया। उन्होंने मंत्री से बात करने की कोशिश की, लेकिन अधिकारियों और पुलिस कर्मियों ने उन्हें रोक दिया। इस बीच कुछ देर के लिए मामला गरमा गया। क्षेत्रवासियों ने कहा कि जीर्णोद्धार के कार्य ठीक हैं, लेकिन उनके गंतव्य तक पहुंचने वाले कई रास्ते बंद कर दिए गए हैं। इसी तरह क्षेत्र से पार्किंग हटा दी गई है। इन स्थितियों में वे अपने वाहन कहां खड़ी करें। इस बीच कई लोगों ने मंत्री को ज्ञापन देने की कोशिश की। कई महिलाएं भी अपनी बात रख रही थीं। मंत्री के साथ आए सांसद जुगल किशोर शर्मा ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि उनकी बात को उच्चाधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा। पर्यटन निदेशक दीपिका के शर्मा ने कहा कि क्षेत्रवासियों के लिए पार्किं ग की वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। मुबारक मंडी के जीर्णोद्धार से पुराने शहर में पर्यटन की नई राह खुलेगी।