जम्मू: लंबी ड्यूटी के बाद अब मिलेगा आराम, ट्रेन के एसी एस्कॉर्ट स्टाफ के लिए रेलवे बनाएगा पोर्टा केबिन
रेलवे बोर्ड ने ट्रेन के एसी एस्कॉर्ट स्टाफ को विश्राम सुविधा देने के लिए प्रमुख स्टेशनों पर पोर्टा केबिन, कोच या डॉरमेट्री बनाने की योजना बनाई है, जिसके तहत सभी क्षेत्रीय रेलवे से जगह और खर्च का आकलन मांगा गया है। प्रस्तावित सुविधाओं में बेड, शौचालय और मोबाइल चार्जिंग पॉइंट शामिल होंगे, जबकि डॉरमेट्री में चार से छह कर्मचारियों के ठहरने की व्यवस्था की जाएगी।
विस्तार
ट्रेनों में ड्यूटी करने वाले एसी एस्कॉर्ट स्टाफ को अब प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विश्राम की सुविधा मिल सकती है। रेलवे बोर्ड ने इसके लिए सभी क्षेत्रीय रेलवे से प्रमुख स्टेशनों पर खाली जगह और उपलब्ध भवनों की जानकारी मांगी है। अल्पकालिक व्यवस्था के तहत पोर्टा केबिन या कोच और दीर्घकालिक समाधान के रूप में डॉरमेट्री अथवा ड्राइंग रूम बनाने का प्रस्ताव है।
रेलवे बोर्ड के विशेष कार्य अधिकारी (बिजली इंजीनियरिंग) शोभित गुप्ता ने सभी क्षेत्रीय रेलवे के प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियरों को पत्र जारी कर इस संबंध में संभावनाओं और खर्च का आकलन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि एसी एस्कॉर्ट स्टाफ के लिए पर्याप्त विश्राम सुविधाओं का अभाव लंबे समय से चिंता का विषय है। यह मुद्दा अदालती मामलों और क्षेत्रीय रेलवे की पीएनएम बैठकों में भी उठता रहा है।
रेलवे ऐसे प्रमुख आरंभिक और अंतिम स्टेशनों की पहचान करेगा, जहां बड़ी संख्या में ट्रेनें आती-जाती हैं और बाहरी एसी एस्कॉर्ट स्टाफ को वापसी यात्रा से पहले आराम की जरूरत होती है। स्टाफ को बिस्तर, शौचालय और मोबाइल चार्जिंग पॉइंट की सुविधा उपलब्ध कराने की मंशा है। रेलवे बोर्ड ने प्रत्येक डॉरमेट्री में चार से छह कर्मचारियों के ठहरने की व्यवस्था का आकलन करने को कहा है। इसके लिए भवन निर्माण और अन्य सुविधाओं पर होने वाले खर्च का अलग-अलग ब्योरा मांगा गया है।
क्या होता है पोर्टा केबिन
पोर्टा केबिन एक पूर्वनिर्मित अस्थायी कमरा या छोटा भवन होता है, जिसे फैक्टरी में तैयार कर जरूरत के अनुसार दूसरी जगह स्थापित किया जा सकता है। इसमें बिजली, पंखे, एसी, बिस्तर और शौचालय जैसी सुविधाएं दी जा सकती हैं। निर्माण स्थलों पर अस्थायी कार्यालय, सुरक्षा केबिन और विश्राम कक्ष के रूप में इसका इस्तेमाल होता है।
