पुंछ आतंकी हमला: भाटादूड़ियां के जंगलों में आतंकियों की रात में भी तलाश जारी, अब तक 230 लोगों से पूछताछ
खराब मौसम और बारिश के बीच सुरक्षाबलों ने भाटादूड़ियां, नाढ़खास और तोता गली के जंगलों में तलाशी अभियान जारी रखा। आतंकियों की खोज में सेना, पुलिस, एसओजी और सीआरपीएफ के साथ कमांडो भी जंगलों को खंगाल रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पुंछ के मेंढर में जम्मू-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सैन्य वाहन पर हुए आतंकी हमले के 12वें दिन सोमवार को भी खराब मौसम और बारिश के बीच सुरक्षाबलों ने दिन भर भाटादूड़ियां, नाढ़खास और तोता गली के जंगलों में तलाशी अभियान जारी रखा।
इस दौरान सेना, पुलिस, एसओजी और सीआरपीएफ के साथ कमांडो भी जंगलों को खंगाल रहे थे। हालांकि, अभी तक सुरक्षाबलों को क्षेत्र के जंगलों में कोई आतंकी ठिकाना हाथ नहीं लग पाया है। दूसरी तरफ सुरक्षाबलों ने उपजिला मेंढर से अभी तक 230 से अधिक लोगों को पूछताछ के लिए उठाया है।
जबकि, पूछताछ के लिए उठाए गए लोगों में आतंकियों के छह मददगारों की पुष्टि हो गई है, जिन्होंने हमलावर आतंकियों का सहयोग किया था। भाटादूड़ियां आतंकी हमले के 12वें दिन भी सुरक्षाबलों की तरफ से घटनास्थल के आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान जारी रखा गया।
मौलवी का जब्त मोबाइल खोलेगा राज
पुंछ हमले की जांच में पुलिस ने जम्मू के बठिंडी इलाके से संदेह के आधार पर पकड़े मौलवी से पूछताछ के बाद अब जब्त मोबाइल राज खोलेगा। इस पर जांच आरंभ हो गई है। फोरेंसिंक लैब में जांच होगी और इसमें संलिप्त पाए जाने पर कार्रवाई शुरू होगी। पूछताछ के बाद मौलवी को घर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार शनिवार शाम को पुंछ से आए पुलिस दल ने पुलिस के स्पेशल आपरेशन ग्रुप और जम्मू पुलिस के साथ मिलकर बठिंडी के जलालाबाद स्थित मदरसा मरकज उल मारिफ में छापा मारा था। इसके बाद मदरसे में पढ़ाने वाले मौलवी मंजूर को हिरासत में लिया।
20 अप्रैल को पुंछ में सैन्य वाहन पर हुए आतंकी हमले के सिलसिले में ही उसे हिरासत में लिया गया था। उस पर आतंकी गतिविधियों के लिए हवाला लेन देन का शक है।