जम्मू-कश्मीर: बारामुला थाने से फरार दोनों आतंकियों को किया गिरफ्तार, 14 घंटे के भीतर पुलिस ने खोज निकाला
एसएसपी बारामुला अमोद नागपुरी ने बताया कि बुधवार सुबह बारामुला थाने में सहरी के दौरान दोनों आतंकी मौका देखकर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों की तलाश कर उन्हें पकड़ लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तरी कश्मीर के बारामुला थाने से फरार लश्कर-ए-ताइबा के दो आतंकियों को पुलिस ने करीब 14 घंटे के भीतर दोबारा गिरफ्तार कर लिया। दहशतगर्दों को बुधवार शाम ओल्ड टाउन बारामुला से पकड़ा गया। फिलहाल दोनों को बारामुला पुलिस स्टेशन में रखा गया है।
पिछले साल मई में बारामुला में एक शराब दुकान पर हमले के आरोप में गिरफ्तार दोनों आतंकियों को पुलिस पूछताछ के लिए बारामुला लाई थी। दोनों जम्मू की कोट भलवाल जेल में बंद थे। दोनों की शिनाख्त मारूफ नजीर और शाहिद शौकत के रूप में हुई है।
एसएसपी बारामुला अमोद नागपुरी ने बताया कि बुधवार सुबह बारामुला थाने में सहरी के दौरान दोनों मौका देखकर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू करते हुए थाने के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगलाने शुरू किए।
दिन भर की कड़ी मेहनत के बाद दोनों को शाम लगभग सात बजे दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों ने मई 2022 में बारामुला के दीवान बाग इलाके में शराब की दुकान में ग्रेनेड फेंका था।
इस वारदात में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य घायल हुए थे। इसके बाद 19 मई को पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया था। हाल ही में पुलिस एक अन्य मामले में पूछताछ के लिए दोनों को बारामुला लाई थी।
ग्रेनेड हमले में राजोरी निवासी की हुई थी मौत
बारामुला में खुली नई शराब की दुकान पर पिछले वर्ष मई में हुए हमले में राजोरी जिले के बकरा निवासी रंजीत सिंह की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य घायल हुए थे। पुलिस द्वारा इस हमले को अंजाम देने वाले आतंकवादियों के पास से 5 पिस्टल, 23 ग्रेनेड सहित अन्य विस्फोटक बरामद किया था।