सांबा। सिडको औद्योगिक क्षेत्र के कारखानों के श्रमिकों की दिहाड़ी बढाए जाने की मांग की गई है। मंगलवार को प्रेसवार्ता में अपनी पार्टी के नेता एवं लेबर यूनियन के नेता गंभीर सिंह संब्याल ने कहा कि पहले तो स्थानीय लोगों को कारखाना प्रबंधन की ओर से रोजगार ही नहीं दिया जा रहा है।
स्थानीय युवक रोजगार के लिए भटक रहे हैं। जिन्हें रोजगार मिला है उन्हें कम दिहाड़ी पर काम करना पड़ रहा है। उनका कहना था कि आज महंगाई आसमान छू रही है। श्रमिकों को आज भी 225 रुपये दैनिक के हिसाब से दिए जा रहे हैं। रसोई गैस, खानपान की वस्तुओं के दाम कहां पहुंच गए है, लेकिन श्रमिकों की दिहाड़ी आज तक वहीं की वहीं है। इस ओर सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर में मंत्रियों की फौज तो भेजी जा रही है। लोगों को सुविधाएं तो दिलाई जाएं। उन्होंने मांग की कि श्रमिकों की दिहाड़ी बढ़ाई जाए ताकि वह भी अपने परिवारों की अच्छे से गुजर बसर कर सकें।