चुनाव से पहले पीडीपी ने अपनाया कड़ा रुख
जम्मू-कश्मीर की मुख्य विपक्षी पार्टी पीडीपी ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते अपने एक सीनियर नेता की सदस्यता निलंबित कर दी।
पार्टी प्रवक्ता के अनुसार, अब्दुल रूफ भट जोकि श्रीनगर जिला कमेटी के उपाध्यक्ष थे, को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते सदस्यता से निलंबित कर दिया गया।
निर्दलीय लड़ना चाहते थे फजल
यह फैसला पार्टी डिसिप्लिनरी कमेटी के अध्यक्ष अब्दुल रेहमान वीरी ने लिया। वहीं पार्टी ने बारामुला के फजल मेहमूद बेग के खिलाफ शोकॉज नोटिस जारी किया।
पीडीपी प्रवक्ता के अनुसार फजल को सात दिनों के भीतर अपना पद छोड़ने को कहा गया था क्योंकि फजल ने बारामुला जिले की संग्रामा विधानसभा सीट से पार्टी के खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर लड़ने का फैसला लिया, जो पार्टी के खिलाफ था।
पीडीपी में मतभेद शुरू
गौरतलब है कि पीडीपी ने लोकसभा चुनाव में तीनों सीटों पर कब्जा किया था, लेकिन जब से पीडीपी ने विधान सभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की सूची जारी की है तबसे पार्टी में मतभेद देखने को मिल रहे हैं।