J&K: पुलवामा के कंगन में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, 1 आतंकी ढेर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले के कंगन इलाके में शुक्रवार को सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया। उसके पास से एक एके-47 राइफल, एसएलआर और गोला बारूद बरामद किया गया है। मारा गया आतंकी हिजबुल से जुड़ा था, जिसकी शिनाख्त मुसाविर हसन वानी के रूप में हुई है।
वह बीटेक का छात्र था। एहतियातन मोबाइल इंटरनेट सेवा को स्थगित कर दिया गया है। आपरेशन में खलल डालने के लिए युवाओं ने सुरक्षा बलों पर पत्थरबाजी की। इस बीच फरार आतंकियों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
सुरक्षा बलों को कंगन इलाके में दो से तीन आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद स्थानीय पुलिस और सुरक्षा बलों ने साझा सर्च आपरेशन चलाया। पूरे इलाके को घेर लिया गया। सेना के एक अधिकारी ने बताया कि खुद को घिरा देख आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी ढेर हो गया। अधिकारी बताया कि मुठभेड़ शुरू होते ही पुलवामा और अवंतीपोरा में मोबाइल सेवा को पूरी तरह स्थगित कर दिया गया था।
वहीं, एसएसपी पुलवामा मोहम्मद असलम चौधरी ने बताया कि कंगन के जंगलों में कुछ आतंकियों के मौजूद होने के इनपुट मिले थे।
सर्च आपरेशन के दौरान जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी मारा गया। देर शाम को आपरेशन को समाप्त कर दिया गया, लेकिन इलाके में सुरक्षा कड़ी रखी गई है। सेना को शायद इलाके में पहले से आतंकियों की मूवमेंट की सूचना थी जिसके चलते वह जब वहां से गुजर रहे थे तो सेब के बगीचे में छिपे आतंकियों ने उन पर फायरिंग कर दी।
इलाके में मुठभेड़ शुरू होते ही स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए और सेना द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन में खलल डालने की कोशिश की। इस बीच प्रदर्शनकारियों ने जवानों पर जमकर पत्थरबाजी की। मौके पर पहुंची सीआरपीएफ और पुलिस के जवानों ने उन्हें खदेड़ दिया।
कुपवाड़ा में सुरक्षा बलों ने आतंकी दबोचा
उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में एक आतंकी सुरक्षा बलों के हत्थे चढ़ा है। उसके पास से जिहादी दस्तावेज बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार यह आतंकी हलमतपोरा मुठभेड़ में घायल होने के बावजूद फरार हो गया था।
आतंकियों के मौजूदगी की सूचना के बाद शुक्रवार को सेना की 41 आरआर, सीआरपीएफ की 98 बटालियन और राज्य पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप के जवानों ने जिले के जुग्गियाल, तुर्शान मोहल्ला और हुमहामा इलाके की घेराबंदी कर बड़े पैमाने पर सर्च आपरेशन चलाया।
इस दौरान सुरक्षा बलों ने एक मकान की घेराबंदी की और सूझबूझ के साथ एक आतंकी को जिंदा दबोच लिया। आतंकी की शिनाख्त जबिउल्लाह पुत्र सनाउल्लाह साकिब निवासी मुल्तान पाकिस्तान के तौर पर हुई है। पकड़ा गया आतंकी लश्कर-ए-तैयबा का है।
वह 20 मार्च को हलमतपोरा में मुठभेड़ के दौरान फरार होने में कामयाब हो गया था। गौरतलब है कि यह आतंकी उसी ग्रुप का हिस्सा था जो हाल ही में घुसपैठ कर भारतीय सीमा में दाखिल हुआ था और जिसके अन्य आतंकी मुठभेड़ में मारे गए थे।
आतंकी के पास से एक वायरलेस सेट और अन्य जिहादी दस्तावेज बरामद हुए हैं। हलमतपोरा मुठभेड़ में 5 आतंकी मार गिराए गए थे जबकि सेना के 3 जवान और जम्मू कश्मीर पुलिस के 2 जवान शहीद हो गए थे।