जम्मू-कश्मीर: त्राल में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, जवानों ने दो का किया सफाया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अवंतीपुरा के त्राल के सिमोह इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया है। मारे गए आतंकियों की शिनाख्त की जा रही है। मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार व गोलाबारूद बरामद किया गया है।
बता दें कि आज यानी कि मंगलवार सुबह इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी करनी शुरू की। खुद को घिरा देख आतंकियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाना शुरू कर दिया।
यह भी पढ़ेंः एक बार फिर सेना ने पाकिस्तान को सिखाया सबक, कई चौकियां तबाह, छह सैनिक घायल
इसके बाद जवानों ने भी मोर्चा संभाला। सुबह करीब सात बजे एक आतंकी को मार गिराया। वहीं जवानों ने करीब चार घंटे बाद एक और आतंकी को ढेर कर दिया। इस ऑपरेशन में जवानों ने दो आतंकियों का सफाया किया है। इनके पास से दो एके-47, एक पिस्टल और एक ग्रेनेड बरामद हुआ है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आतंकियों के मारे जाने की पुष्टि की है।
उधर, पाकिस्तानी सेना ने शनिवार सुबह से रविवार सुबह तक सेना की चौकियों के साथ रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर गोलाबारी की थी। कीरनी से बालाकोट तक सौ किलोमीटर से अधिक लंबी नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेना ने नापाक हरकतों को अंजाम दिया।
इससे मेंढर सेक्टर में एक ग्रामीण और आधा दर्जन जानवर घायल हो गए। गोलाबारी में कई मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। भारतीय सेना की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। उसकी कई चौकियां तबाह हो गई हैं। पाकिस्तानी सेना के छह सैनिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
पाकिस्तानी सेना ने शनिवार को सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक जिले के कीरनी, कस्बा, मंधार क्षेत्रों में सेना की चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर मोर्टार बरसाए। उसके बाद शाम 7.40 बजे गुलपुर सेक्टर के खड़ी करमाड़ा में मोर्टार से गोलाबारी शुरू की जो रविवार सुबह तीन बजे तक जारी रही।
इस दौरान रात 11 बजे पाकिस्तानी सेना ने मेंढर और बालाकोट में भी मोर्टार से सेना की चौकियों और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। सेना ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से सुबह 4 बजे तक गोलाबारी जारी रही।
इस दौरान गांव गोल्द मोहल्ला नवनी निवासी मोहम्मद रशीद के मकान की छत पर एक 120 एमएम का पाकिस्तानी मोर्टार आ गिरा जो छत तोड़कर कमरे में जा घुसा। इससे रशीद (25) का बेटा यासिर घायल हो गया। गोलाबारी से गांव में बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई।