मां के भक्तों को भी देना होगा टोल टैक्स
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटड़ा जाने वाले भक्तों को अब टोल टैक्स भरना होगा। जम्मू-उधमपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बन में बनाया गया टोल प्लाजा इसी माह के तीसरे सप्ताह में चालू कर दिया जाएगा।
नेशनल हाइवे अथारिटी आफ इंडिया ने इसकी तैयारियां कर ली हैं। अब निजी और यात्री वाहनों को टैक्स देकर ही कटड़ा, उधमपुर, डोडा, किश्तवाड़, श्रीनगर की ओर जाना होगा।
जम्मू से करीब 22 किलोमीटर की दूरी पर बन इलाके में राष्ट्रीय राजार्ग पर यह पहला टोल प्लाजा बनाया गया है। नंदनी के चारों टनल के खुलने के बाद ही बन टोल प्लाजा के खुलने की अटकलें लगाई जा रही थीं।
फरवरी के तीसरे सप्ताह की किसी भी दिन इसे खोला जा सकता है। टोल प्लाजा पर कार, जीप, वैन और अन्य छोटे चारपहिया वाहन के लिए एक तरफ की फीस 85 रुपये रखी गई है, जबकि 24 घंटे में लौटने पर दोनों तरफ की फीस 125 रुपये है।
महीने में 50 यात्रा के लिए फीस 2755 रुपये है। इसी तरह से एलसीवी, एलजीवी और मिनी बस का एक तरफ का टैक्स 135 रुपये, बस व ट्रक का 280 रुपये, तीन एक्सिस कर्मिशयल व्हीकल 305 रुपये, एचसीएम, ईएमई, एमएवी चार से छह एक्सिस व्हीकल को 440 रुपये और ओवर साइज्ड व्हीकल को एक तरफ का टैक्स 535 रुपये देना होगा।
2545 करोड़ रुपए में बना है हाईवे
टोल प्लाजा शुरू होने के साथ ही कटड़ा जाने वाले वाहनों से टोल वसूला जाएगा। जम्मू कटड़ा रूट पर दोमेल इलाके तक हाइवे फोरलेन है। दोमेल से लेकर कटड़ा तक यात्रियों को साधारण मार्ग पर सफर करके ही आगे बढ़ना होगा।
इसके अलावा उधमपुर, डोडा, किश्तवाड़, रामबन, कश्मीर के लोगों को भी अब बन टोल प्लाजा पर जेब ढीली करके ही वाहनों को आगे ले जाना होगा। अब कटड़ा पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को इसके जेब ढीली करनी पड़ेगी।
ज्यादा बोझ उन यात्रियों पर पड़ेगा जोकि विभिन्न राज्यों से निजी वाहन या फिर यात्री वाहन लेकर कटड़ा पहुंचते हैं।
64.58 किमी हाईवे तैयार
अभी 64.58 किलोमीटर तक जम्मू-उधमपुर फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग तैयार किया जा चुका है। इस पर अभी तक 2545 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। इस राशि से अभी तक इस रूट पर 36 बड़े पुल, 29 छोटे पुल, 12 अंडर पासेस, दोनों तरफ के आठ टनल, नगरोटा व उधमपुर में दो बाईपास रोड तैयार किए गए हैं।
बन टोल प्लाजा को शुरू करने की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। अभी तक इसकी शुरुआत की तारीख 20 फरवरी सोची गई है, पर इस तारीख को अभी पक्का नहीं किया गया है।
आरपी चौधरी, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, नेशनल हाइवे अथारिटी आफ इंडिया