घाटी के युवाओं में दिखी देश सेवा की ललक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अलगाववादियों को करारा जवाब देते हुए घाटी के युवाओं में देश भक्ति की ललक बखूबी दिखी। सेना में शामिल होकर देश सेवा के लिए मीलों सफर तय करके कश्मीर के सैकड़ों युवा रविवार को जम्मू में एनडीए/एनए की परीक्षा के लिए पहुंचे।
कश्मीर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं के लिए एमएएम कालेज जम्मू में बनाए गए विशेष परीक्षा केंद्र में दो सौ से अधिक परीक्षार्थी बैठे। हालांकि बाढ़ से उत्पन्न हुए हालात का परीक्षा पर भी असर दिखा। विशेष परीक्षा केंद्र में कुल पंजीकृत 603 परीक्षार्थियों में 222 ही पहुंच पाए। इसके अलावा शहर के अन्य कालेजों में भी हजारों परीक्षार्थी परीक्षा में बैठे।
नेशनल डिफेंस एकेडमी और नेवल एकेडमी (एनडीए/एनए) के लिए आयोजित परीक्षा में जीजीएम साइंस कालेज में पंजीकृत 1200 परीक्षार्थियों में 920 पहुंचे। इसी तरह गांधीनगर में परीक्षा में 955 परीक्षार्थी बैठे।
सुबह और शाम के सत्र में गणित तथा सामन्य योग्यता परीक्षा का आयोजन किया गया था। इससे पहले अप्रैल 2014 में पहले चरण की परीक्षा आयोजित की गई थी।
दूसरे चरण में युवाओं में दिखा जोश
दूसरे चरण में परीक्षा के लिए कश्मीर से आए युवाओं में जोश देखते ही बना। श्रीनगर से आए आफताब ने कहा कि वह एनडीए क्वालीफाई करके सेना में शामिल होकर देश की सेवा करना चाहते हैं।
देश की सेवा से बड़ी कोई सेवा नहीं है। इसी तरह राहिल दीन ने कहा कि एनडीए में उज्ज्वल भविष्य बनाने का युवाओं के लिए बेहतर मौका होता है। बाढ़ से श्रीनगर और आसपास के इलाकों में भारी तबाही हुई है।
इसका असर परीक्षा की तैयारी पर भी पड़ा है। उन्होंने कहा कि कश्मीर के अधिकांश परीक्षार्थी कम समय में परीक्षा की बेहतर ढंग से तैयारी नहीं कर सके। एमएएम कालेज में विशेष परीक्षा केंद्र में सुबह के सत्र में 222 और शाम के सत्र में कश्मीर से 214 परीक्षार्थी बैठे।