JK: भाजपा झुकी, मुफ्ती 6 साल के लिए सीएम!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल से भाजपा और पीडीपी नेताओं के मुलाकात के बाद अब यह लगभग तय माना जा रहा है कि दोनों दल मिलकर रियासत में सरकार बनाने जा रहे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि मुफ्ती मोहम्मद सईद को 6 सालों के लिए मुख्यमंत्री पद देना भाजपा ने स्वीकार कर लिया है।
जम्मू-कश्मीर में पीडीपी के मुफ्ती मोहम्मद सईद की अगुवाई में पीडीपी-बीजेपी गठबंधन की सरकार अगले कुछ ही दिनों में शपथ लेगी। संभावना है कि एक हफ्ते के भीतर ही जम्मू-कश्मीर में सरकार बन जाएगी।
बीजेपी की ओर से राज्यपाल एनएन वोहरा से राम माधव, जुगल शर्मा और निर्मल शर्मा बुधवार को मिले। सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह जम्मू में उप मुख्यमंत्री बन सकते हैं। जितेंद्र सिंह का गुजरात दौरा रद्द कर उन्हें जम्मू-कश्मीर भेजा गया है।
हमारी पीडीपी के साथ अनौपचारिक बातचीत जारी: राम माधव
बीजेपी नेता राम माधव ने कहा, 'हमारी पीडीपी के साथ अनौपचारिक बातचीत जारी है। यह बातचीत सकारात्मक है, जल्द ही हम जम्मू-कश्मीर को अच्छी सरकार देंगे।' सीएम के सवाल पर उन्होंने कहा कि राज्य का सीएम 87 विधायकों में से ही कोई होगा।
वहीं, पीडीपी नेता नईम अख्तर ने कहा है, 'हम पहले ही साफ कर चुके हैं कि जम्मू-कश्मीर में सरकार बनाना एक अलग मामला है। सरकार का बनना हमारे उठाए गए मुद्दों पर निर्भर करेगा।' हालांकि उन्होंने कहा, 'अगली सरकार कॉमन मिनिमम प्रोग्राम के आधार पर बनेगी। इस दिशा में कुछ फासला तय कर लिया गया है। बीजेपी और हम सहमति पर पहुंच रहे हैं।'
राज्य में सरकार बनने के सवाल पर नईम ने कहा कि इसके लिए ठोस बातचीत करने की जरूरत है, जिसमें ज्यादा समय नहीं लगेगा। उल्लेखनीय है कि 87 सदस्यीय जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव के परिणाम 23 दिसंबर को आ गए थे और खंडित जनादेश में पीडीपी को 28 और बीजेपी को 25 सीट मिली हैं। इनके अलावा नेशनल कांफ्रेंस को 15 और कांग्रेस को 12 सीट प्राप्त हुई हैं।