'मफलरवाले के सामने बौने हुए मोदी'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पैंथर्स पार्टी के चेयरमैन तथा राज्य के पूर्वमंत्री हर्षदेव सिंह ने दिल्ली में आप पार्टी व अरविंद केजरीवाल की शानदार व ऐतिहासिक जीत के मद्देनजर कहा है कि मोदी मफलरवाले के सामने बौने हो गए हैं। मोदी के नौ माह की सरकार को लेकर दिल्ली की जनता ने फैसला सुनाते हुए केजरीवाल को शानदार जीत दिलाई है और मोदी को बौना बना दिया है।
हर्षदेव सिंह ने कहा है कि मोदी की पूरी मशीनरी दिल्ली विधानसभा में लगाई गई थी। मंत्री से लेकर कई बड़े नामवाले नेता भी चुनाव प्रचार प्रसार में जुटे रहे जबकि चुनाव के दौरान केजरीवाल के साथ कई बार मुश्किलें भी पेश की गईं लेकिन इसके बावजूद जनता ने केजरीवाल का साथ दिया और केजरीवाल की आप पार्टी को शानदार जीत हासिल हुई।
वहीं बराक ओबामा को लेकर हर्षदेव सिंह ने कहा है कि संविधान के मुताबिक ओबामा भी मानते हैं कि संविधान के आधार पर जाति-पात व धर्म पर राजनीति करना वहीं, लोगों को तोड़ने की कोशिश करना उचित नहीं होता। हर वर्ग का विकास व गति दिलाने का प्रयास होना चाहिए। हर्ष देव का कहना है कि केजरवाल व उनकी पार्टी की जीत ऐतिहासिक है। जनता ने पूरा साथ दिया है।
भाजपा करेगी हार पर मंथन: जुगल
भाजपा के रियासत अध्यक्ष सांसद जुगल किशोर शर्मा का कहना है कि सियासत में ऐसे क्षण आते रहते हैं जब किसी पार्टी को पराजय झेलनी पड़ती है। भाजपा में इसकी समीक्षा की परंपरा रही है। दिल्ली चुनाव के नतीजे चौंकाने वाले जरूर हैं और इस पर केंद्रीय नेतृत्व विचार कर रहा है।
दिल्ली के नतीजों का जम्मू कश्मीर की सियासत पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है। जम्मू कश्मीर में भाजपा को विधानसभा में पहली बार 25 सीटें मिली है। रियासत से पहली बार राज्यसभा में भी प्रवेश हो रहा है। राज्यसभा में एक सीट पर जीत के बाद भाजपा रियासत में विधान परिषद में भी दमदार उपस्थिति दर्ज कराने वाली है।
पीडीपी से राज्यसभा चुनाव में ही तालमेल हो गया है। दोनों दलों में सरकार गठन पर बातचीत चल रही है। जल्द ही नई सरकार का गठन होगा।
सरकार गठन पर औपचारिक वार्ता जल्द शुरू होगी
जम्मू कश्मीर में नई सरकार के गठन पर औपचारिक वार्ता का दौर जल्द शुरू होगा। पीडीपी के प्रवक्ता नईम अख्तर का कहना है टेबुल पर वार्ता अभी शुरू नहीं हुई है लेकिन यह जल्द शुरू हो सकती है। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से अभी अनौपचारिक बातचीत चल रही है।
उन्होंने कहा कि पीडीपी चाहती है कि अफस्पा को वापस लिया जाए। फौजी कानून से रियासत को नहीं चलाया जा सकता। भाजपा और पीडीपी दोनों चाहते हैं कि रियासत में अमन कायम हो। इसके अलावा पीडीपी केंद्र से अपने पावर प्रोजेक्टों की भी वापसी चाहती है।
इन मुद्दों का वार्ता में शामिल किया जा रहा है। उधर भाजपा के रियासत अध्यक्ष जुगल किशोर शर्मा ने भी कहा कि उनकी अपनी पार्टी के नेताओं से दिल्ली में लंबी बातचीत हुई लेकिन पीडीपी नेताओं से औपचारिक बातचीत अभी शुरू नहीं हुई है।
गौरतलब है कि भाजपा के जुगल, निर्मल सिंह अशोक कौल इन दिनों दिल्ली में हैं। भाजपा नेताओं से अनौपचारिक वार्ता में पीडीपी के डा. हसीब द्राबू, सांसद तारिक हमीद कर्रा और चौधरी जुल्फिकार शामिल रहे हैं।