'एलओसी पर आतंकी पहले की तरह डटे हैं'
- एलओसी के उस पार लांचिंग पैड पर आतंकी सक्रिय हैं
विस्तार
लाइन आफ कंट्रोल पर भले ही घुसपैठ के प्रयासों में कमी आई है लेकिन सेना का मानना है कि पाकिस्तान कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) स्थित लांचिंग पैड पर आतंकी पूर्व की तरह डटे हुए
हैं।
एलओसी पर स्थित संवेदनशील क्षेत्र बीजी सेक्टर में तैनात सेना के कमांडेंट एचएस शाही कहते हैं कि एलओसी के उस पार लांचिंग पैड पर आतंकी सक्रिय हैं और गर्मी आते ही वह सरगर्म हो
जाएंगे।
नियंत्रण रेखा के उस पार आतंकियों की संख्या पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह कहना मुश्किल है, लेकिन लांचिंग पैड पर उनकी संख्या में कोई कमी नहीं आई है और वह घुसपैठ के लिए मौके
की तलाश में हैं।
आतंकी एलओसी से घुसपैठ कर सूरनकोट के रास्ते घाटी में जाते हैं।
शाही कहते हैं कि घुसपैठ में कमी आने का कारण एलओसी पर जहां सेना की मुस्तैदी है, वहीं नियंत्रण रेखा के आसपास के गांवों के लोगों का आतंकियों का समर्थन नहीं मिलना है। उनका कहना है कि
लोगों को आभास हो गया है कि आतंकियों के कारण उनका विकास नहीं हो पा रहा है।
सेना ने एलओसी के पास कई गांवों में विकास कार्य करवाएं हैं। इसी माह दो अन्य गांवों में विकास कार्य के प्रोजेक्ट को मंजूरी मिल गई है। एलओसी के पास के इलाकों में सेना ने आधारभूत ढांचा विकसित किया है, जिससे लोगों में सेना के प्रति विश्वास बढ़ा है।
कमांडेंट के अनुसार सूरनकोट में 95 फीसदी आबादी मुस्लिम की है, लेकिन आवाम जानती है कि सेना के कारण ही आज इलाके में अमन चैन कायम हो पाया है। अब वह किसी सूरत में आतंकियों की
मदद को तैयार नहीं हैं। जबकि आतंकी एलओसी से घुसपैठ कर सूरनकोट के रास्ते घाटी में जाते हैं।