जम्मू-कश्मीरः आतंकियों ने SPO समेत तीन नागरिकों को मारी गोली, 2 की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
घाटी में आतंकी अब अपना कहर स्थानीय लोगों के ऊपर भी ढाह रहे हैं। एक बाद एक बड़े आतंकियों के मारे जाने से बौखलाए दहशतगर्दो ने बेकसूर नागरिकों को मारना शुरू कर दिया है। आशंका जताई जा रही है कि आतंकियों ने मुखबिरी के शक में अब स्थानीय लोगों पर जुल्म करना शुरू कर दिया है।
उत्तरी कश्मीर के हाजिन इलाके में आतंकियों ने चाचा-भतीजे का अपहरण कर हत्या कर दी। वारदात के पीछे लश्कर का हाथ बताया जाता है। दूसरी घटना पुलवामा जिले की है, जहां आतंकियों ने एक एसपीओ पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों घटनाओं के बाद पूरे इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया।
बारामुला जिले के हाजिन इलाके के शाहगुंड गुलशन मोहल्ला में शुक्रवार की रात को आतंकी गुलाम हसन डार उर्फ हसन रस्सा (45) और बशीर अहमद डार (26) के घर में घुस गए। वे दोनों को अगवा कर अपने साथ लेते गए। पुलिस के अनुसार आतंकियों ने शुक्रवार की सुबह साढ़े तीन बजे दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी।
दोनों के शव रहीम डार मोहल्ले में एक मस्जिद के बाहर पड़े हुए थे। सुबह स्थानीय लोगों ने खून से लथपथ पड़े दोनों के शव देखे तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक छानबीन में इस बात के सबूत हाथ लगे हैं कि घटना के पीछे प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर ए तैयबा का हाथ है।
घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। घटना में शामिल आतंकियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया गया है। उन्होंने बताया कि गुलाम हसन रिश्ते में बशीर अहमद का चाचा था।
#JammuAndKashmir: Terrorists fired upon Special Police Officer, named Showkat Ahmad Dar, near his house in Pulwama's Rahmoo, shifted to hospital. More details awaited.
— ANI (@ANI) May 5, 2018
पुलवामा जिले की रुहमू इलाके की है। यहां आतंकियों ने शनिवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे एसपीओ शौकत अहमद डार पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। घटना पेट्रोल पंप के पास की है। पुलिस के अनुसार शौकत डार की तैनाती पुलिस लाइन पुलवामा में थी।
आतंकियों की गोली से गंभीर रूप से घायल हुए शौकत को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद श्रीनगर रेफर किया गया। उसे चार गोलियां लगीं है। हालत अब भी गंभीर है।
हाजिन में पहले भी नागरिकों की कर चुके हैं हत्या
हाजिन में आतंकी पहले भी नागरिकों की हत्या कर चुके हैं। पुलिस का कहना है कि इन सब घटनाओं के पीछे लश्कर के एक स्थानीय आतंकी का हाथ है। वह विदेशी आतंकियों के साथ मिलकर घटनाओं कोे अंजाम दे रहा है। शुक्रवार की रात भी आतंकियों ने सोपोर में एक घर में घुसकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी जबकि गोली लगने से उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल है।