जम्मू। पंचवक्त्र मंदिर की जमीन को लेकर पनपे विवाद में बाद संत समाज और जनता नेे प्रदेश में मंदिरों की भूमि और गौरव की रक्षा का संकल्प लिया है। बुधवार को पंचवक्त्र मंदिर परिसर में मंदिर मैनेजमेंट ने बैठक की। इसमें कार्यवाहक सुरेश शर्मा ने मंदिर भूमि को लेकर चले संघर्ष में संत समाज और आम लोगों की सक्रिय प्रतिभागिता के लिए उनका धन्यवाद किया।
मंदिर कार्यवाहक सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुरेश शर्मा ने कहा कि मंदिर की भूमि को हड़पने और मैनेजमेंट को बदनाम करने की साजिश रची गई है। उन्होंने कहा कि कार्यवाहक होने के नाते वह मंदिर के किसी भी प्रोजेक्ट को न्यायालय के संज्ञान में लाए बिना अनुमित नहीं दे सकते। उन्होंने कहा कि मंदिर की जमीन पर पार्किंग बनने को लेकर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट से जुड़े कुछ अधिकारी उनके पास आए थे। प्रोजेक्ट पर मौखिक बात हुई थी और मैनेजमेंट ने अधिकारियों से प्रोजेक्ट की विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा, ताकि उसे कोर्ट के समक्ष रखा जाए। उन्होंने कहा कि मंदिर की भूमि को लेकर कुछ लोगों ने झूठा भ्रम फैलने की कोशिश की, जिसमें मंदिर मैनेजमेंट पर नगर निगम को मंदिर की जमीन बेचने की बात कही गई। शर्मा ने कहा कि इस पूरे मामले में जांच की मांग करते हैं, ताकि दोषियों की पहचान की जाए सके।