आतंकियों के निशाने पर रहा दक्षिण कश्मीर, अब सेना ने की बड़ी कार्रवाई की तैयारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कश्मीर के शोपियां में जारी सेना के सबसे बड़े सर्च आपरेशन के पृष्ठभूमि में आतंकियों की ऐसी कई दुस्साहसिक वारदातें हैं जिनसे पिछले दिनों कश्मीर में भय फैलाने की कोशिश की गई थी। दक्षिण कश्मीर में पिछले एक हफ्ते के भीतर हुई कई आतंकी वारदातों के बाद आतंकियों के सफाए के लिए सुरक्षा एजेंसियों ने कमर कस ली है।
इस क्रम में जहां एक ओर शोपियां में आतंकियों की तलाश के लिए 90 के दशक के बाद सबसे बड़ा तलाशी अभियान शुरू किया गया है वहीं सीमा और एलओसी पर भी आतंकी घुसपैठ के इनपुट्स के बाद सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। दरअसल कश्मीर घाटी में पिछले कुछ दिनों में कई बड़ी आतंकी वारदातें हुई हैं। इनमें कुलगाम में जेके बैंक की कैशवैन लूट के इरादे से हुए हमले से लेकर पुलवामा में बैंक की लूट की वारदातें शामिल है।
लेकिन महत्वपूर्ण ये है कि कश्मीर में आतंकियों की इन वारदातों के साथ साथ हथियार लूट की कई घटनाएं हुई हैं ऐसे में एजेंसियां इन हथियार लूट के बाद उन आतंकियों की तलाश में जुटी है जिन्होंने इन वारदातों को अंजाम दिया है।
4 दिनों में बैंक लूट की चार घटनाएं
गौरतलब है किदक्षिणी कश्मीर में पिछले 4 दिनों में बैंक लूट की चार घटनाएं हो चुकी हैं। मंगलवार को आतंकियों ने यारीपोरा में इलाकाई बैंक से 65 हजार रुपये लूट लिए थे। एक मई को कुलगाम जिले में कैश वैन पर हमला कर आतंकियों ने सात लोगों की हत्या कर दी थी। मरने वालों में पांच पुलिसकर्मी तथा दो बैंक के गार्ड थे। वैन में कैश न मिलने पर आतंकी चार हथियार लूट ले गए थे।
बुधवार को बैंक लूट की दो घटनाओं को अंजाम दिया गया। लूट की पहली घटना कुलगाम जिले के वाहिबुग स्थित इलाकाई देहाती बैंक की शाखा में हुई। पांच हथियारबंद आतंकियों ने लूट की घटना को अंजाम दिया। 4,92,800 रुपये लूटने के बाद आतंकी फरार हो गए।
दूसरी घटना पुलवामा जिले के निहामा काकपोरा स्थित जेके बैंक की शाखा में हुई। हथियारों से लैस चार आतंकियों ने बैंक में घुसकर कर्मचारियों को आतंकित किया। इसके बाद 1.60 लाख रुपये लूट लिए। पहले यहां से चार लाख रुपये लूटने की सूचना थी, लेकिन जांच-पड़ताल में यह राशि 1.60 लाख रुपये निकली।
आतंकियों ने राइफलों की भी की लूट
दोनों जगह लूट की घटना के बाद बैंक कर्मचारियों की सूचना पर पहुंचे सुरक्षा बलों ने आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर सर्च आपरेशन चलाया।
इन लूटों के अलावा शोपियां में आतंकियों ने कोर्ट कॉम्पलेक्स के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मियों पर हमला करके 1 एके-47 समेत 5 राइफलों की भी लूट की थी वहीं कुलगाम में भी कैशवैन पर हमले के बाद आतंकियों द्वारा मृत सुरक्षाकर्मियों की राइफल लूटी गई थी।
ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां इन हमलों के बाद आतंकियों की तलाश के लिए बड़ी कार्रवाई की तैयारियों में जुटी हुई है साथ ही इन सभी मामलों की गहन जांच भी की जा रही है।