जम्मू-कश्मीरः आतंक के खिलाफ सेना का ताबड़तोड़ प्रहार, एक और आतंकी गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आतंकवाद का खात्मा करने के लिए जम्मू कश्मीर में सेना लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में आज यानी कि सोमवार को सेना ने श्रीनगर के गांदरबल इलाके से एक आतंकवादी को गिरफ्तार किया है। आतंकी की पहचान तारिक गनई के रूप में हुई है। वह लश्कर का आंतकी है। लंबे अर्से से वह घाटी का माहौल खराब करने की साजिशों में सक्रिय था। पुलिस का कहना है कि आतंकी से पूछताछ जारी है। कई अहम खुलासे होने की भी संभावना जताई जा रही है।
इससे पहले दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले के वानपोह इलाके से सुरक्षा बलों ने शनिवार को हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर समेत दो आतंकियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के एक डीएसपी को हिरासत में लिया गया। आतंकियों के पास से एक एके 47 राइफल तथा तीन पिस्टल बरामद किए गए। गाड़ी से 1.47 लाख रुपये की बरामदगी की भी बात सामने आ रही है। पुलिस के लिए यह बड़ी उपलब्धि है।
गिरफ्तार आतंकियों में हिजबुल का शोपियां जिला कमांडर सईद नवीद मुश्ताक और आसिफ डार शामिल हैं। नवीद हिजबुल का कमांडर और ए प्लस कैटेगरी का आतंकी है। शोपियां के नाजीपोरा निवासी नवीद दो मई, 2014 से संगठन में सक्रिय है। दूसरा आतंकी आसिफ भी शोपियां के बोनगाम का रहने वाला है। 12वीं पास आसिफ दो मार्च, 2019 से सक्रिय है और सी कैटेगरी का आतंकी है। इनके साथ ही त्राल निवासी डीएसपी देविंदर सिंह को भी पकड़ा गया है, जो श्रीनगर एयरपोर्ट पर एंटी हाइजैकिंग स्कवॉड में तैनात है।
बताते हैं कि पुलिस इन सभी के पीछे पिछले दो-तीन दिनों से लगी हुई थी। तीनों कार (नंबर जेके 03 एच 1738) से श्रीनगर से दोपहर बाद निकले। इनके पीछे पुलिस भी लगी हुई थी। अनंतनाग के वानपोह इलाके में गाड़ी रोक ली गई। गाड़ी में सवार सभी पगड़ी लगाए हुए थे ताकि किसी को शक न होने पाए। इनके चंडीगढ़ जाने की बात भी सामने आ रही है। फिलहाल, पुलिस सारी कड़ियों को जोड़ने की कोशिश में जुटी हुई है।