जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी से पारा गिरा, घाटी फिर शीतलहर की चपेट में
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू-कश्मीर में शुक्रवार को बारिश और बर्फबारी से दिन के तापमान में जबरदस्त गिरावट आई है। कश्मीर में लगातार तीसरे दिन भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रहने से ठंडक बढ़ी है। घाटी फिर शीतलहर की चपेट में है। कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 10 से 12 डिग्री तक गिर गया है। जम्मू संभाग के भी कई जिलों में बारिश और बर्फबारी के साथ तेज हवाएं चलती रहीं। इससे चढ़ती तपिश से राहत मिली है। बारिश और तेज हवाओं से कटड़ा-सांझीछत चापर सेवा प्रभावित हुई। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 13 और 14 मार्च को भी जम्मू और कश्मीर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।
कश्मीर में तीसरे दिन भी बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा। घाटी में तेज बारिश से सर्दी फिर लौट आई है। ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में रुक रुक कर बारिश होती रही। यहां दिन का तापमान सामान्य से 10.1 डिग्री गिरकर 4.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। विश्व विख्यात पर्यटन स्थल पहलगाम में भी दिन का तापमान सामान्य से 9.0 डिग्री गिरकर 2.0 डिग्री तक पहुंच गया है। गुलमर्ग में यह तापमान माइनस 2.4 डिग्री रहा।
जम्मू में बीती रात तेज हवाओं के साथ हुई बारिश का सिलसिला शुक्रवार दिनभर रुक-रुक कर जारी रहा। इस बीच धूप भी खिलती रही, लेकिन तपिश से राहत मिली। दोपहर को शहर और आसपास के कई हिस्सों में हल्की बारिश हुई। तेज हवाएं चलती रहीं। जम्मू में दिन का तापमान सामान्य से 5.0 डिग्री गिरकर 21.0 डिग्री और बीती रात का न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में भी बारिश के साथ तेज हवाएं चलीं। यहां दिन का तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री गिरकर 19.3 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिला उधमपुर के चिनैनी के पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी हुई। जिला कठुआ में भी बारिश और पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी से तापमान गिरा है।
घाटी के मैदानी इलाकों में 36 घंटे से बारिश जारी...
घाटी के मैदानी इलाकों में पिछले करीब 36 घंटे से लगातार बारिश जारी है, जबकि उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा, बारामुला, और हंदवाड़ा जिले के अलावा दक्षिणी कश्मीर के कुछ जिलों में बर्फबारी दर्ज की गई है। बारिश के चलते श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी भूस्खलन हुआ है। हालांकि राजमार्ग पहले से शुक्रवार को मरम्मत के लिए बंद था। फिलहाल क्लीयरेंस का काम शुरू कर दिया गया है।
कश्मीर घाटी में बाढ़ का खतरा नहीं...
आईएंडएफसी विभाग के अनुसार इस बारिश से बाढ़ का अभी कोई खतरा नहीं है। झेलम नदी का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है। बारिश का ज्यादा असर उत्तरी कश्मीर में देखने को मिला है। मौसम विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक 15 मार्च तक कश्मीर घाटी के साथ-साथ जम्मू संभाग में बादल छाए रहेंगे।
न्यूनतम तापमान ( डिग्री सेल्सियस)
लेह 2.9 (माइनस)
गुलमर्ग 2.4 (माइनस)
श्रीनगर 4.6
पहलगाम 2.0
बनिहाल 7.2
बटोत में 9.9
भद्रवाह में 10.4
कटड़ा 14.4
----------------
स्थान बारिश (मिलीमीटर)
पहलगाम 53.4
श्रीनगर 44.4
गुलमर्ग 55.0
बनिहाल 47.2
जम्मू 3.8
बटोत 28.0
कटड़ा 10.1
भद्रवाह 16.4
-----------
बर्फबारी (फुट)
कुपवाड़ा 2.5
गुलमर्ग 2.0
सोनमर्ग 1.5