खेल: राष्ट्रीय दिव्यांग टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में जम्मू-कश्मीर की टीम बनी चैंपियन, हरियाणा को दी मात
प्रतियोगिता के दौरान जम्मू- कश्मीर की टीम ने फाइनल मिलाकर कुल छह मुकाबले खेले और सभी में आसान जीत दर्ज करते हुए श्रेष्ठता साबित की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
न ही वहां खेलों का माहौल है और न ही सुविधाएं। बावजूद इसके यहां पर चैंपियन खिलाड़ियों की लंबी फेहरिस्त है। बात हो रही है शहर में सोमवार को संपन्न हुई सरदार पटेल राष्ट्रीय दिव्यांग टी-20 क्रिकेट चैंपियनशिप के विजेता जम्मू कश्मीर टीम की, जिन्होंने दिग्गज टीमों को पछाड़ते हुए खिताब पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता की चैंपियनशिप टीम के दबदबे का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टीम ने खेले सभी छह मुकाबलों (फाइनल समेत) में एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की। प्रतियोगिता के लो-स्कोरिंग फाइनल में टीम ने हरियाणा को 16 रन से मात दी। विजेता टीम से आमिर हसन ने बहुमुखी खेल का प्रदर्शन करते हुए 29 रन बनाने के अलावा महज आठ रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट भी चटकाए।
पूरी प्रतियोगिता के दौरान जम्मू- कश्मीर की टीम ने फाइनल मिलाकर कुल छह मुकाबले खेले और सभी में आसान जीत दर्ज करते हुए श्रेष्ठता साबित की। केडी सिंह बाबू स्टेडियम में खेले गए फाइनल में जम्मू कश्मीर की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 16.2 ओवर में 87 रन पर लुढ़क गई। आमिर हसन ने 29 और वसीम इकबाल ने 24 रन का योगदान दिया। अमीन और पवन को तीन-तीन विकेट मिले। जवाब में हरियाणा की टीम 88 रन के छोटे लक्ष्य के आगे बिखर गई और जम्मू कश्मीर के गेंदबाजों के आगे बेबस दिखाई दी। पूरी टीम 18.3 ओवर में 71 रन पर आउट हो गई। बलजीत ने सबसे अधिक 19 रन बनाए। आमिर हसन और माजिद ने तीन-तीन विकेट झटके।
वसीम इकबाल प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट
प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर जम्मू कश्मीर के वसीम इकबाल प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुने गए, जबकि हरियाणा के अनुज सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और हैदराबाद के एस प्रशांत गेंदबाज बने। प्रतियोगिता के समापन पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया। मौके पर टूर्नामेंट की ब्रांड अंबेसडर दीपा मलिक (पद्मश्री और खेल रत्न पुरस्कार विजेता), अश्वनी कुमार (कार्यपालक निदेशक, इंडियन बैंक), रवि चौहान (सचिव, डिफरेंटली एबिल्ड क्रिकेट काउंसिल ऑफ इंडिया) एवं स्क्वाडन लीडर अभय प्रताप सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।