जम्मू कश्मीर: देश विरोधी गतिविधियों में कठुआ से एक और गिरफ्तारी, आतंकी घुसपैठ के लिए सुरंग मामले से जुड़ रहे तार
आरोपी के खिलाफ पुलिस ने राजबाग थाने में धोखाधड़ी और गैर कानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। एसएसपी कठुआ रमेश चंद्र कोतवाल ने बताया कि देश विरोधी गतिविधियों के मामले में व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देश विरोधी गतिविधियों के मामले में कठुआ जिले से सोमवार को एक और गिरफ्तारी हुई है। सप्ताह भर के भीतर यह तीसरी गिरफ्तारी है। इससे पूर्व पुलिस ने हीरानगर के सीमावर्ती क्षेत्र से दो लोगों को पकड़ा था। सूत्रों के अनुसार, पेशे से शिक्षक आरोपी भद्रवाह, डोडा के एक गांव का रहने वाला है, जिसे पुलिस गांधीनगर थाने से राजबाग थाना लेकर आई है।
गैर कानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम के तहत केस दर्ज
सूत्रों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पुलिस ने राजबाग थाने में धोखाधड़ी और गैर कानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। एसएसपी कठुआ रमेश चंद्र कोतवाल ने बताया कि देश विरोधी गतिविधियों के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल जांच जारी है।
जनवरी 2021 को घुसपैठ के लिए खोदी गई सुरंग मामले में कार्रवाई
गौरतलब है कि इससे पहले जनवरी 2021 को घुसपैठ के लिए खोदी गई सुरंग मामले समेत देश विरोधी गतिविधियों में दर्ज एफआईआर में पुलिस ने हीरानगर सब डिवीजन के बॉर्डर से सटे इलाके से दो लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनमें से एक रियासी और एक कठुआ जिले का रहने वाला था।
जमात के लिए चंदा वसूल रहा व्यक्ति बारामुला में गिरफ्तार
बारामुला में सुरक्षाबलों ने सोमवार को प्रतिबंधित संगठन जमात-ए-इस्लामी के नाम पर चंदा उगाही कर रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसकी शिनाख्त माइक्रोवेव कॉलोनी कनलीबाग निवासी मोहम्मद अमीन गनी के रूप में हुई है। उसके घर से सुरक्षाबलों ने जेके बैंक की दो पासबुक, तीन चेक बुक व जमात की बुकलेट बरामद की है।
सुरक्षाबलों ने आरोपी के कनलीबाग स्थित आवास की भी तलाशी ली
सुरक्षाबलों के अनुसार, पकड़ा गया व्यक्ति एक स्कूटी से जा रहा था। सुरक्षाबलों ने रोक कर उसकी तलाशी ली तो उसके पास से प्रतिबंधित संगठन जमात-ए-इस्लामी की तीन रसीद बुक, एक मोबाइल फोन और 15900 रुपये की नकद राशि मिली। उसने पूछताछ में बताया कि यह रकम उसने जमात के लिए चंदे के रूप मे आम लोगों से जुटाई है। इसके बाद सुरक्षाबलों ने उसके कनलीबाग स्थित आवास पर भी तलाशी ली। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।