जम्मू-कश्मीरः श्रीनगर मेयर का चुनाव दो महीने के लिए टला, 15 जून से रिक्त है पद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
श्रीनगर नगर निगम के मेयर पद का चुनाव दो महीने के लिए टल गया है। सरकार ने चुनाव टालने का कारण निगम क्षेत्र में कोरोना का तेजी से बढ़ता संक्रमण बताया है। चुनाव की नई तारीख फिलहाल घोषित नहीं की गई है। पहले यह चुनाव गुरुवार को होना था। इससे पहले मंगलवार को मतदान की तारीख दो दिन के लिए बढ़ाई गई थी।
यह भी पढ़ेंः जम्मू-कश्मीर के दामाद सचिन पायलट को लगा झटका, तो घाटी में शुरू हो गए अटल सरकार के वो किस्से
जम्मू-कश्मीर सरकार के आवासी एवं शहरी विकास विभाग के सचिव धीरज गुप्ता की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि श्रीनगर मेयर का पद जुनैद अहमद मट्टू के हटने के बाद से 15 जून से रिक्त चल रहा है। जम्मू-कश्मीर नगर निगम की धारा 36 के प्रावधान के अनुसार यह पद एक माह के अंदर भर जाना चाहिए। यह अवधि 16 जुलाई को समाप्त हो रही थी।
इसी कारण से 16 जुलाई की तारीख मतदान के लिए तय की गई थी परंतु श्रीनगर नगर निगम के आयुक्त के अनुसार, कोरोना संक्रमण में आई तेजी के कारण श्रीनगर शहर के 88 इलाके रेड जोन में हैं। यहां लोगों के आने-जाने पर प्रतिबंध है। कई पार्षद रेड जोन घोषित इलाकों में रहते हैं। मौजूदा हालात में चुनाव कराना संभव नहीं है।
धारा 36 के उपबंध दो में यह प्रावधान है कि आंतरिक सुरक्षा, दैवीय आपदा और महामारी जैसी विषम परिस्थितियों में चुनाव कराने की एक माह की अवधि को तीन माह तक बढ़ाया जा सकता है। इसके तहत चुनाव टालने का फैसला किया गया है।
यह भी पढ़ेंः पर्यटकों के लिए कल से खुलेंगे जम्मू-कश्मीर के द्वार, बेहद खूबसूरत हैं घाटी के ये स्थान
किस पर दांव लगाएं, तय नहीं कर पाई भाजपा
राजनीतिक हल्कों में चर्चा है कि पूर्व मेयर जुनैद अहमद मट्टू के खिलाफ पर्दे के पीछे से निर्दलीयों की पीठ पर हाथ रखकर अविश्वास प्रस्ताव पेश करने वाली भाजपा अंतिम समय तक शेख इमरान और जुनैद मट्टू में से किसी एक पर दांव लगाने के बारे में फैसला नहीं कर पाई है।
चुनाव टलने का दूसरा बड़ा कारण यह भी बताया जा रहा है कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मंगलवार को कोरोना की चपेट में आकर अस्पताल और क्वारंटीन सेंटर पहुंच गए। संक्रमण की आशंका में कई नेताओं और कार्यकर्ताओं के कोरोना टेस्ट कराए जाने हैं और तब तक उन्हें खुद को आइसोलेशन में रहने की हिदायत दी गई है।