जम्मू-कश्मीर: सांबा में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठिया मारा गया, पाकिस्तानी रेंजरों का शव लेने से इन्कार
सांबा में आईबी पर जवानों ने कुछ हलचल देखी। सीमा पर चहलकदमी को देखते हुए सुरक्षाबलों ने घुसपैठिए को ललकारा लेकिन वह लगातार सीमा की तरफ बढ़ता रहा। जवानों ने कार्रवाई करते हुए उसे मार गिराया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पाकिस्तान सीमापार से घुसपैठ कराने की लगातार कोशिश में लगा हुआ है। इस बार उसने खराब मौसम का फायदा उठाते हुए सांबा जिले में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा को चुना, परंतु सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के सतर्क जवानों ने वीरवार तड़के करीब 2.50 बजे घुसपैठ कर रहे एक व्यक्ति को मार गिराया। मारा गया व्यक्ति जीरो लाइन पार कर भारतीय सीमा में करीब 20 मीटर अंदर तारबंदी तक आ गया था।
बीएसएफ ने पाक रेंजरों से संपर्क कर मारे गए व्यक्ति के बारे में जानकारी दी परंतु उन्होंने शव लेने से इन्कार कर दिया। बीएसएफ के कमांडिंग अधिकारी सुरिन्द्र कुमार ने बताया कि बुधवार-वीरवार की दरमियानी रात करीब 2.50 बजे मंगू चक बीओपी की जब्बार पोस्ट जवानों को पाकिस्तानी रेंजरों की भोपालपुर पोस्ट के पास कुछ हलचल दिखाई दी। यह पोस्ट भारतीय फारवर्ड पोस्ट से करीब 1500 मीटर दूर है।
बीएसएफ जवानों ने पाया कि एक व्यक्ति सधे कदमों से तारबंदी की ओर बढ़ रहा था। घुसपैठिया जीरो लाइन पार कर तारबंदी के 20 मीटर अंदर तक पहुंच गया था। जवानों ने उसे ललकारा लेकिन वह रुका नहीं। इस पर जवानों ने फायर कर दिया। गोली लगने से वह मर गया।
सुबह बीएसएफ के डीआईजी बीके सिंह व कमांडिंग अधिकारी सुरिन्द्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा भी लिया। कमांडिंग अधिकारी ने बताया कि उन्होंने पाक रेंजरों से संपर्क कर उन्हें इनकी जानकारी दे दी है। दूसरी ओर से शव लेने संबंधी कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद बीएसएफ ने शाम को शव स्थानीय पुलिस को सौंप दिया। पोस्टमार्टम के बाद इसे दफनाया जाएगा।
बीएसएफ ने 32 राउंड फायर किए
बीएसएफ के जवानों की तरफ से ललकारे जाने के बाद भी जब व्यक्ति आगे बढ़ता रहा तो जवानों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान जवानों ने 32 राउंड फायर किए। हालांकि घुसपैठिये को कितनी गोलियां लगीं पोस्ट मार्टम के बाद ही इसका पता चल पाएगा।
सरकंडों का फायदा उठाते हैं घुसपैठिये
बीएसएफ के सूत्रों ने बताया कि घुसपैठिये पाकिस्तानी क्षेत्र में उगे सरकंडे का फायदा उठाते हैं। सीमा के इलाके में ऊंची झाड़ियों में यह लोग छिप जाते हैं और मौसम खराब होते ही तार पार करने की कोशिश करते हैं। सीमावर्ती गांव मंगूचक के नंबरदार बलवीर सिंह ने बताया कि रात को फायर की आवाज सुनी थी। सुबह बीएसएफ की पोस्ट पर जाकर जानकारी ली तो बताया गया कि घुसपैठिये को मार गिराया गया है।
नहीं हो सकी पहचान : घुसपैठिये की जेब से पाकिस्तान के 460 रुपये बरामद हुए हैं। कोई भी कागजात न मिलने के चलते मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
एक दिन पहले पुंछ में पकड़े थे तीन आतंकी
पाकिस्तान घुसपैठ की लगातार साजिशें रच रहा है। बुधवार को पुंछ के करमाड़ा सेक्टर में सुरक्षा बलों ने नियंत्रण रेखा पर तीन आतंकियों को हथियारों और हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था।