श्रीनगर। ईद-उल-फितर के शुभ अवसर पर सेना की राणा बटालियन ने सोमवार को बांदीपोरा जिले की गुरेज घाटी में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास बगतोर क्षेत्र में स्थानीय निवासियों के साथ पर्व को मनाया। सेना ने स्थानीय लोगों के लिए दोपहर के भोजन का आयोजन किया। राणा बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर (सीओ) ने उपस्थित लोगों के साथ बातचीत की और ईद की शुभकामनाएं दीं। सेना और स्थानीय समुदाय के बीच संबंधों को मजबूत किया।
कंजलवान के स्थानीय निवासी मुख्तार अहमद लोन ने भारतीय सेना के प्रति आभार व्यक्त किया तथा सैनिकों और स्थानीय लोगों के बीच मजबूत सौहार्द पर जोर दिया। उन्होंने कहा, हम हर अवसर को एक साथ मनाते हैं-चाहे वह होली हो, दिवाली हो या ईद। हमारे सैनिक अपने घरों से हजारों किलोमीटर दूर रहकर हमारी सीमाओं की रक्षा करते हैं और हम उनके समर्पण का गहरा सम्मान करते हैं। हमें उम्मीद है कि भविष्य में भी ऐसी पहल की जाएगी।