जम्मू। केंद्रीय कोयला मंत्री व जम्मू कश्मीर के भाजपा चुनाव प्रभारी जी किशन रेड्डी ने राहुल गांधी के बयान हमने मोदी का आत्मविश्वास कम कर दिया है, पर आड़े हाथ लिया है। कहा, राहुल को देश विरोधी ताकतों से भारत को तोड़ने का आत्मविश्वास मिलता है, इसलिए उस अहंकार में वह यह सोच रहे होंगे कि हमने पीएम मोदी का आत्मविश्वास कम कर दिया है।
रेड्डी ने कहा कि पीएम मोदी का आत्मविश्वास भारत की 140 करोड़ देवतुल्य जनता पर है। वह सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि दुनिया के दिलों में बसते हैं। इसलिए जनता के आशीर्वाद ने उन्हें तीसरी बार भारत का प्रधानमंत्री बनाया है। जनता ने हमें चुनकर अपना सर्टिफिकेट दिया है, आशीर्वाद भी दिया है और उससे हमारा आत्मविश्वास बढ़ा है। इसलिए भाजपा और पीएम मोदी को राहुल गांधी के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है। अगर मोदी जी के आत्मविश्वास का पता लगाना है तो राहुल गांधी को देश के किसानों, जवानों, वैज्ञानिकों, युवाओं और महिलाओं से पूछना चाहिए, वे सब कुछ बता देंगे। अगर राहुल गांधी मोदी जी के आत्मविश्वास के अलावा उनके डर और साहस के बारे में जानना चाहते हैं तो राहुल को आतंकवादियों और अलगाववादियों से पूछना चाहिए, भ्रष्टाचारियों से पूछना चाहिए, पड़ोसी देश पाकिस्तान से पूछना चाहिए और देश विरोधी ताकतों से पूछना चाहिए। उन्हें पता चल जाएगा कि मोदी जी क्या हैं। कांग्रेस और राहुल गांधी को अपने प्रदर्शन पर शर्म आनी चाहिए।