Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Jammu and Kashmir ›   Jammu News ›   religious news

Jammu News: बाबा जित्तो के दरबार में आज से उमड़ेगा आस्था का सैलाब, एलजी कल करेंगे मेले का शुभारंभ

विज्ञापन
religious news
- तीन दिसंबर चलेगा झिड़ी मेला, 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद
विज्ञापन

संवाद न्यूूज एजेंसी
मिश्रीवाला। किसानों के मसीहा बाबा जित्तो और बुआ कौड़ी की स्मृति में ऐतिहासिक झिड़ी मेला 23 नवंबर से तीन दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। मेले में देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा 24 नवंबर को मेले का विधिवत उद्घाटन करेंगे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं।
तैयारियों को लेकर मेला अधिकारी एवं एसडीएम मढ़ अमित कुमार ने रविवार को अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। तैयारियों का जायजा लेने के लिए डीसी जम्मू मिंगा शेरपा तीन बार मेला स्थल का दौरा कर चुके हैं। आईजी ट्रैफिक जम्मू मो. सुलेमान चाैधरी ने भी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है। लोक निर्माण विभाग, बिजली विभाग और जलशक्ति विभाग को सड़क, बिजली व पेयजल की निर्बाध व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन

---
25 नाकों से होगी निगरानी
चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात
सुरक्षा के लिए दोमाना से मढ़ तक 25 विशेष नाके स्थापित किए गए हैं। पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और 24 घंटे निगरानी के लिए दो संयुक्त कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात रहेंगे। सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे। प्रशासन ने असामाजिक तत्वों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन

---
आठ पार्किंग स्थल चिह्नित
ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु रखने के लिए आठ पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए हैं। भारी वाहनों और ट्रकों की पार्किंग अखनूर रोड या रिंग रोड से होकर मेला मैदान के पीछे की ओर होगी। मेटाडोर और अन्य यात्री वाहनों के लिए चक मानी वाला रोड पर व्यवस्था की गई है। एसएसपी ट्रैफिक और एसडीएम ने श्रद्धालुओं से जाम से बचने के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। मेले में अस्थायी शौचालय, पेयजल केंद्र और विशेष सफाई टीमों की भी व्यवस्था की गई है।
--------
पार्किंग और मनोरंजन के रेट नहीं
बढ़े, पहली बार होगी महाआरती
मिश्रीवाला। ऐतिहासिक झिड़ी मेले में इस बार श्रद्धालुओं के लिए कई नए आकर्षण और व्यवस्थाएं देखने को मिलेंगी। पार्किंग और मनोरंजन के रेट पिछले साल की तरह ही रहेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी शुल्क में बढ़ोतरी नहीं की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को मनमानी वसूली का सामना न करना पड़े। प्रत्येक पार्किंग स्थल पर रेट लिस्ट लगाई जाएगी और पार्किंग व्यवस्था निर्धारित स्थानों पर होगी। 23 नवंबर को शाम 6:30 बजे पहली बार महाआरती, सत्संग और हवन का आयोजन होगा। 24 और 25 नवंबर को नटरंग की टीम बाबा जित्तो पर आधारित नाटक प्रस्तुत करेगी। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय गायकों और उभरते कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
नए कलाकारों के लिए ओपन माइक का आयोजन भी होगा। 24 नवंबर को दंगल बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा। इसमें नामी पहलवानों के साथ अधिक इनामी राशि भी आकर्षण रहेगी। मेले में कृषि, पशुपालन और बागवानी विभाग के विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अलावा हैंडलूम और हैंडीक्राफ्ट के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र होंगे। इनके माध्यम से स्थानीय किसानों, कारीगरों और लोगों को अपने उत्पाद और हुनर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। संवाद
-------------
आठ दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आज से
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी) की ओर से झिड़ी मेले में 23 से 30 नवंबर तक आठ दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसकी थीम कृषि और संबद्ध क्षेत्रों की केंद्र प्रायोजित योजनाएं रहेंगी। सीबीसी के नोडल अधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी देना है। इसमें विशेषज्ञों के व्याख्यान, चित्रकला प्रतियोगिताएं, भजन और डोगरी-पंजाबी लोकगीत एवं नृत्य प्रस्तुतियां होंगी। कार्यक्रम सुबह और शाम दो सत्रों में आयोजित किया जाएगा।
-----------------------------------
रंग लाया संघर्ष, इनडोर स्टेडियम
को मिला बाबा जित्तो का नाम

- मेले से पहले मुख्य द्वार पर लगी नेम प्लेट, संघर्ष समिति ने जताया प्रशासन का आभार
संवाद न्यूज एजेंसी
मिश्रीवाला। झिड़ी में वार्षिक बाबा जित्तो मेले की शुरुआत से पहले वर्षों पुरानी मांग पूरी हो गई है। मेला ग्राउंड में बने इनडोर स्टेडियम का नाम अब बाबा जित्तो इनडोर स्टेडियम कर दिया गया है। स्टेडियम के मुख्य द्वार पर नाम की नेम प्लेट भी लगा दी गई है। इससे स्थानीय युवाओं, श्रद्धालुओं और लंबे समय से इसके लिए संघर्ष कर रही समिति में खुशी की लहर है।

स्थानीय लोगों और संघर्ष समिति की मांग थी कि बाबा जित्तो की तपस्या, बलिदान और किसान हितों के लिए उनके योगदान को देखते हुए स्टेडियम को उनके नाम से जोड़ा जाए। मेला अधिकारी एवं एसडीएम मढ़ डॉ. अमित कुमार के प्रयासों से प्रशासन ने इस मांग को स्वीकार करते हुए मेले से पहले नामकरण की प्रक्रिया पूरी कर ली। श्रद्धालुओं ने इसे बाबा जित्तो के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि और उनकी आस्था का सम्मान बताया। श्री बाबा जित्तो संघर्ष समिति के अध्यक्ष प्रताप सिंह जमवाल ने कहा कि इस मांग को पूरा करवाने के लिए लंबे समय तक संघर्ष करना पड़ा। उन्होंने जम्मू के डीसी और एसडीएम मढ़ सहित पूरे प्रशासन का आभार जताया।
---
स्काॅस्ट का नामकरण और पाठ्यक्रम में
गाथा शामिल करने की मांग अब भी अधूरी
प्रताप सिंह जम्वाल ने कहा कि स्टेडियम का नामकरण संघर्ष की एक बड़ी जीत है, लेकिन समिति की दो मांगें अभी बाकी हैं। पहली मांग जम्मू के शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (स्काॅस्ट) जम्मू का नाम बाबा जित्तो के नाम पर रखने की है। दूसरी मांग स्कूलों के पाठ्यक्रम में बाबा जित्तो और बुआ कौड़ी की गाथा शामिल करने की है। उन्होंने कहा कि बाबा जित्तो ने किसानों के सम्मान और न्याय के लिए बलिदान दिया था। उनकी गाथा नई पीढ़ी तक पहुंचनी चाहिए। इन दोनों मांगों को पूरा करवाने के लिए समिति अपना संघर्ष जारी रखेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed