जम्मू कश्मीर: पूर्व मंत्री बाबू सिंह के पास हवाला के 6.90 लाख रुपये लेकर जा रहा व्यक्ति गिरफ्तार, कश्मीर से लेकर आया था रकम
कठुआ में गिरफ्तारी से बचने के लिए पूर्व मंत्री पुलिस की दबिश से पहले घर छोड़कर हो गए फरार। पुलिस ने पूछताछ के लिए 3 को हिरासत में लिया, पकड़ा गया शरीफ अनंतनाग का रहने वाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पुलिस ने जम्मू के तवी पुल पर हवाला के 6.90 लाख रुपये के साथ वीरवार को कश्मीर के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि पकड़ा गया व्यक्ति यह पैसा लेकर कठुआ के रहने वाले पूर्व मंत्री बाबू सिंह के पास जा रहा था। इस मामले में पुलिस ने जम्मू में तीन अन्य लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
बाबू सिंह की गिरफ्तारी के लिए कठुआ में दबिश
बाबू सिंह की गिरफ्तारी के लिए कठुआ स्थित उनके आवास पर पुलिस ने दबिश दी परंतु वह फरार हो गए। जम्मू के वेयर हाउस चौकी की पुलिस ने वीरवार को तवी पुल पर नाके के दौरान एक कार चालक को रोका। तलाशी लेने पर इसके पास से सात लाख रुपये बरामद हुए।
आरोपी ने खुलासा किया कि यह पैसा कश्मीर से लेकर आया
सख्ती से पूछताछ पर आरोपी ने खुलासा किया कि यह पैसा कश्मीर से लेकर आया है, जो कठुआ के रहने वाले पूर्व मंत्री एवं विधायक बाबू सिंह को देना है। इसके तुरंत बाद पुलिस ने बाबू सिंह को गिरफ्तार करने के लिए छापा मारा, लेकिन वह फरार बताए जा रहे हैं।
जम्मू में हवाला के पैसे का लेनदेन की सूचना पर कार्रवाई
आईजी जम्मू मुकेश सिंह ने बताया कि पुलिस के पास पुख्ता सूचना थी कि जम्मू में हवाला के पैसे का लेनदेन होना है। इसके बाद कई जगहों पर नाकेबंदी कर दी गई। पुलिस ने तवी पुल पर नाके के दौरान कोकरनाग (अनंतनाग) के शरीफ शाह (64) को पकड़ा।
बाबू सिंह नेचर मैनकाइंड फ्रेंडली ग्लोबल पार्टी के चेयरमैन
इसके पास से 6.90 लाख रुपये मिले। पूछताछ में उसने बताया कि कठुआ के रहने वाले जतिंदर सिंह उर्फ बाबू सिंह ने उसे यह पैसा लाने को कहा था। बाबू सिंह नेचर मैनकाइंड फ्रेंडली ग्लोबल पार्टी के चेयरमैन हैं। शरीफ ने यह पैसा श्रीनगर निवासी उमर से लिया और इसके बाद जम्मू आ गया।
पकड़े गए आरोपी के देश विदेश में कई सहयोगी
आईजी ने बताया कि शरीफ ने पूछताछ में बताया कि उसके देश-विदेश में कई सहयोगी हैं। इनमें पीओके के रहने वाले जावेद और खातिब भी शामिल हैं। इनका एक साथी फारूक खा टोरंटों में है। इस मामले में पुलिस ने मोहम्मद शरीफ सरताज, गुरदेव सिंह (जम्मू) और सिद्धांत शर्मा (कठुआ)को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इस मामले की जांच चल रही है। बाबू सिंह अभी फरार है। मोहम्मद शरीफ ने एक व्हाट््सएप ग्रुप भी बना रखा है, जिसका वह एडमिन है। इसमें पाकिस्तान और सऊदी अरब के लोग भी शामिल हैं।
पूर्व मंत्री बाबू सिंह के घर पर दबिश
सूत्रों के अनुसार इस मामले के सामने आने के बाद पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप और वेयर हाउस पुलिस चौकी की टीम ने पूर्व मंत्री बाबू सिंह के घर पर वीरवार दोपहर को छापा मारा। लेकिन वह अपने घर से फरार हो चुका था। इसके बाद पुलिस ने कठुआ के रहने वाले एक व्यक्ति को हिरासत में लिया।
कौन है बाबू सिंह
पूर्व मंत्री बाबू सिंह कठुआ के रहने वाले हैं। 2002 में वह निर्दलीय विधायक बने। इसके बाद वह कांग्रेस में शामिल हो गए। उस समय की कांग्रेस व एनसी सरकार में बाबू सिंह मंत्री बनाए गए। हालांकि इसके बाद बाबू सिंह कभी विधायक नहीं बने।