जम्मू कश्मीर: लखनपुर से उड़ी तक बंटा हलवा, गूंजा जय श्रीराम, शंकराचार्य और मार्तंड्य मंदिर में विशेष पूजा
श्रीनगर के बरबरशाह में प्राचीन रघुनाथ मंदिर में भी विशेष पूजा का आयोजन किया। मुख्य पुजारी दर्शन कुमार शर्मा ने बताया कि श्रीनगर के शंकराचार्य मंदिर में दारमा ट्रस्ट ने विशेष पूजा की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अयोध्या में रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही जम्मू-कश्मीर के प्रवेश द्वार लखनपुर से लेकर उड़ी तक जय श्रीराम का नारा गूंज उठा। अपने अराध्या के स्वागत में लोगों ने हलवा-पूड़ी सहित कई प्रकार के व्यंजन प्रसाद के रूप में बांटे। जम्मू संभाग में सुबह 9.6 डिग्री पारे में प्रभातफेरियां शुरू हो गई थीं।
दिन चढ़ते ही भक्तों ने शोभायात्राएं निकालीं और घरों-दुकानों और गाड़ियों पर प्रभु राम के चित्र वाला भगवा लहराया। मंदिरों में सुबह से लोग पवित्र अक्षत हाथ में लेकर पहुंचे और विशेष पूजा में पहुंचे। मंदिरों के घंटों से लेकर डीजे पर गूंजने राम के भजनों ने माहौल को राममयी कर दिया। हर तरफ दिवासी सा जश्न देखने को मिला।
जैसे ही दोपहर को प्रभु राम की मूर्ति में प्राण फूंके गए वैसे ही हर तरफ पटाखे और आतिशबाजी शुरू हो गई। राजोरी, पुंछ, अरनिया, अखनूर जैसे भारत-पाकिस्तान के सीमावर्ती इलाकों में भी कंटीली तार तक श्रीराम के जयघोष गूंजे। हिंदू अल्पसंख्यक आवादी वाले श्रीनगर के शंकराचार्य मंदिर सहित कई मंदिरों में विशेष प्रार्थनाएं की गईं। हिंदू आबादी के श्रद्धालु और देश-विदेश से आए पर्यटक विशेष प्रार्थना में भाग लेने के लिए जबरवान की पहाड़ियों पर स्थित शंकराचार्य मंदिर पहुंचे।
कुपवाड़ा के टीटवाल में भारत-पाकिस्तान निंयत्रण रेखा के पास सिथ्त माता शारदा के मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर विशेष पूजा की गई। इस अवसर पर दीये और मोमबत्तियाँ जलाई गईं और पूरे मंदिर को रोशनी से सजाया गया। इस मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा पांच जून 2023 को श्रृंगेरी के शंकराचार्य विदुषेखर भारती ने की।
वहीं, श्रीनगर शहर के अमीराकदल इलाके में झेलम नदी के तट पर हनुमान मंदिर में भी विशेष प्रार्थनाएं की गईं। अनंतनाग जिले के मट्टन स्थित सूर्य मंदिर में प्रतिष्ठा समारोह का जश्न मनाने के लिए हवन किया गया और भक्तों ने कश्मीर में पूर्ण सामान्य स्थिति की वापसी के लिए प्रभु श्रीराम से प्रार्थना की। शाम को लाल चौक क्षेत्र के ऐतिहासिक घंटाघर में विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की जाएगी।
श्रीनगर के बरबरशाह में प्राचीन रघुनाथ मंदिर में भी विशेष पूजा का आयोजन किया। मुख्य पुजारी दर्शन कुमार शर्मा ने बताया कि श्रीनगर के शंकराचार्य मंदिर में दारमा ट्रस्ट ने विशेष पूजा की। जम्मू और कश्मीर धर्मार्थ ट्रस्ट के ट्रस्टी महाराजा हरि सिंह के पुत्र डॉ. करण सिंह ने भक्तों के लिए शुभकामनाएं भेजीं। उन्होंने शांति, खुशी और समृद्धि की कामना की है। आज एकता और सांप्रदायिक सौहार्द का प्रदर्शन करते हुए विविध पृष्ठभूमि के लोग एक साथ आए।
जम्मू में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर शहर के प्राचीन रघुनाथ मंदिर, लक्ष्मीनारायण मंदिर, बावे वाली माता मंदिर सहित अन्य मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की गई। श्री रघुनाथजी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। धर्मार्थ ट्रस्ट के ट्रस्टी एमके अजातशत्रू और उनकी पत्नी कुंवरानी रितु सिंह ने विशेष आरती की। यहां कानून और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, उपराज्यपाल के सलाहकार राजीव राय भटनागर विशेष अतिथि रहे। वहीं, युवा राजपूत सभा ने तवी पुल पर महाराजा हरि सिंह प्रतिमा के पास आतिशबाजी की।
मलयेशिया से पहुंचा पर्यटक बोला-मैं यहां आकर धन्य हो गया
मलयेशिया से शंकराचार्य मंदिर श्रीनगर में उत्सव का हिस्सा बनने के लिए पहुंचे पर्यटक ने अपनी असीम खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि मैं आज समारोह में शामिल होने के लिए पूरे मलयेशिया से यहां आया हूं। मैं आज यहां आकर धन्य हो गया हूं। ऐसा महसूस हो रहा है जैसे मैं अपने परिवार के सदस्यों, अपने प्रियजनों से मिल रहा हूं। उन्होंने कहा कि मुझे मलयेशिया में अपने घर में शायद ही कभी इसका अनुभव मिल पाता।
सीमा क्षेत्र राजोरी और अरनिया में कड़ी सुरक्षा में मना जश्न
राजोरी...शहर और आस-पास सुरक्षाबलों की पैनी नजर के बीच जश्न मनाया गया। शहर में दीपावली जैसा माहौल रहा। लोगों ने बड़ी स्क्रीनों पर सीधा प्रसारण देखा। शहर के सीमा मोड़, पांजा चौक, जवाहर नगर, ठुड़ी, दुर्गा नगर, मुख्य बाजार, सीटी चौक में ढ़ोल-नगाड़े बजे और रामभक्तों ने डीजे पर नृत्य किया। भारत-पाकिस्तान सीमा के साथ सटे अरनिया सेक्टर में जय श्री राम के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
भक्तों को पिलाया मेवों का काढ़ा, खिलाया गाजर का हलवा
रियासी..नगर के ओपन एयर थियेटर में श्री दुर्गा नाटक मंडली ने कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया। बाद में सभी ने डांस किया व प्रसाद बांटा। नगर के श्री गणेश मंदिर चौक चबूतरा के हनुमान मंदिर के पास व मुख्य बाजार के प्रवेश द्वार पर स्टाल लगाकर गाजर का हलवा, हलवा, गुलाब जामुन और सूखे मेवे का काढ़ा बांटा गया।
रामनगर में दुकानदारों ने हर साल यह दिन मनाने का लिया फैसला
कस्बे के मुख्य बाजार में दुकानदारों ने मुख्य बाजार, बस स्टैंड, घास मंडी, मोदी चौक सहित अन्य स्थानों पर हलवा और राजमा चावल का लंगर लगाया। सुबह से लेकर शाम तक दुकानदार ढोल पर नाचे। दुकानदार सुरेंद्र ने कहा कि 550 साल बाद प्रभु राम अपने महल रूपी मंदिर में लौटे हैं। उन्होंने आज दिवाली मनाई है। दुकानदारों ने फैसला लिया कि इस दिन को हर वर्ष मनाया जाएगा। कठुआ में कड़ाके की ठंड में भी रामभक्तों की आस्था का पारा चढ़ा रहा। जिला में 150 से अधिक स्थानों पर एलईडी लगाकर अयोध्या में हुए महोत्सव का लाइव प्रसारण दिखाया गया। 500 से अधिक स्थानों पर भंडारे लगाए गए।
घाटी में कश्मीरी पंडितों की वापसी पर तेजी से काम करेगी सरकार: मोघवाल
केंद्रीय राज्य अर्जुन राम मेघवाल ने घाटी में कश्मीरी पंडितों की वापसी और पुनर्वास में तेजी लाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता की को दोहराते हुए कहा कि इस संबंध में कार्रवाई तेजी के साथ कार्रवाई की जाएगी।
मेघवाल ने राम मंदिर के प्रतिष्ठा समारोह में शामिल नहीं होने पर कांग्रेस पार्टी की आलोचना की और कहा कि मंदिर का निर्माण हिंदुओं के 500 वर्षों के बलिदान का परिणाम है और इसका आगामी लोकसभा चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है।
मेघवाल ने सोमवार शाम रघुनाथ मंदिर में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा समारोह का जश्न मनाने के लिए आयोजित कार्यक्रम के दौरान संवाददाताओं से कहा, यह मुद्दा हमारे लिए महत्वपूर्ण है। मैं इस मुद्दे पर समुदाय का दृष्टिकोण जानने के लिए यहां आया हूं। हमें इस पर बहुत तेजी से आगे बढ़ने की जरूरत है।
पिछले 34 वर्षों से निर्वासन में रह रहे कश्मीरी पंडितों की चिंताओं पर उन्होंने आश्वासन दिया, हम इस मामले में बहुत तेजी से आगे बढ़ेंगे मेघवाल ने कहा कि आगामी संसद सत्र के दौरान कश्मीरी पंडित समुदाय की चिंताओं और आकांक्षाओं पर चर्चा के लिए एक प्रतिनिधिमंडल को दिल्ली आमंत्रित किया गया है। मेघवाल ने राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर लोगों के उत्साह पर खुशी व्यक्त की।
अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अपने आवास पर राम ज्योति प्रज्ज्वलित की। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक समय में देश दुनिया में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा पर दीपावली मनाई गई है। जम्मू कश्मीर के लोगों ने भी इसमें बढ़ चढ़कर भागीदारी की है।
कुपवाड़ा से अयोध्या पहुंचीं सिदिका ने किए रामलला के दर्शन
कुपवाड़ा जिले की कश्मीरी मुस्लिम महिला सिदिका खान अपनी कार से अयोध्या पहुंचीं और भगवान राम के दर्शन किए। मीडियाकर्मियों से बातचीत में सिदिका ने बताया कि भगवान राम उनके सपने में आए और उन्हें अयोध्या पहुंचने के लिए कहा।
उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के करनाह क्षेत्र की सिदीका खान ने कहा कि भगवान राम के प्रति बहुत श्रद्धा है। यह सोचकर 22 जनवरी के बाद अयोध्या जाने का फैसला किया था कि इस दिन वहां बहुत भीड़ होगी। उन्होंने कहा, मुझे आश्चर्य हुआ जब भगवान राम मेरे सपने में आए और मुझसे कहा कि चूंकि तुम हमेशा मेरी सेवा करती हो और मेरे प्रति श्रद्धा रखती हो, तुम्हें अयोध्या आना चाहिए क्योंकि मैं वहां आ रहा हूं। उन्होंने कहा कि उन्होंने यात्रा शुरू करने का फैसला किया है। अपनी कार से अयोध्या रवाना हुईं।