जम्मू कश्मीर: स्वरोजगार के खुले द्वार, 94680 युवाओं को सौंपे नई इकाइयां व स्टार्टअप लगाने के मंजूरी पत्र
प्रदेश का अग्रणी जम्मू-कश्मीर बैंक नई इकाइयां और स्टार्टअप स्थापित करने के लिए 1384 करोड़ रुपये देगा। प्रशासन इन इकाइयों में युवाओं के लिए स्थायी रोजगार सृजित करने को प्रशिक्षण और सहायक बुनियादी ढांचा प्रदान करेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने 94,680 युवाओं को उद्यमिता एवं स्वरोजगार के लिए अवसर उपलब्ध कराए। प्रशासन ने दावा किया है कि जम्मू-कश्मीर ने नई इकाइयां और स्टार्टअप स्थापित करने के लिए मंजूरी पत्र वितरित करने का नया रिकॉर्ड बनाया है। यह युवाओं के सपनों, नौकरी चाहने वाले नहीं, बल्कि नौकरी निर्माता बनने की उनकी आकांक्षा को पूरा करेगा। कन्वेंशन सेंटर जम्मू में बुधवार को जेएंडके बैंक स्वरोजगार उत्सव व घर-घर केसीसी अभियान कार्यक्रम में उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने युवाओं में मंजूरी पत्र वितरित किए।
प्रदेश का अग्रणी जम्मू-कश्मीर बैंक नई इकाइयां और स्टार्टअप स्थापित करने के लिए 1384 करोड़ रुपये देगा। प्रशासन इन इकाइयों में युवाओं के लिए स्थायी रोजगार सृजित करने को प्रशिक्षण और सहायक बुनियादी ढांचा प्रदान करेगा। उप राज्यपाल ने कहा कि नई इकाइयां और स्टार्टअप युवाओं के सपने और नौकरी चाहने वाले नहीं बल्कि नौकरी निर्माता बनने की उनकी आकांक्षा को पूरा करेगा। उद्यमिता और स्वरोजगार के लिए स्वरोजगार उत्सव ने जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश की सभी पंचायतों को कवर किया है।
उन्होने कहा कि हम इन इकाइयों में अधिक युवाओं के लिए स्थायी रोजगार सृजित करने के लिए प्रशिक्षण और सहायक बुनियादी ढांचा प्रदान करेंगे। विश्वसनीय, पर्याप्त और किफायती ऋण तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए घर-घर केसीसी अभियान के तहत 2 लाख किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड दिए गए हैं। मैं देख रहा हूं कि कृषि और संबद्ध क्षेत्र में एक नई क्रांति चल रही है जो यूटी की समृद्धि के लिए नए रास्ते बनाएगी।
घर-घर केसीसी अभियान और स्वरोजगार उत्सव की भावना को मजबूत करने के प्रयास के लिए जम्मू-कश्मीर बैंक को बधाई दी। किसानों और युवाओं के वित्तीय सशक्तिकरण के उद्देश्य से यह दो अभियान चलाए जा रहे हैं। यह महत्वपूर्ण अवसर यूटी के आर्थिक परिदृश्य को बदलने में एक महत्वपूर्ण छलांग का प्रतीक है। उन्होंने आत्मनिर्भरता प्राप्त करने के अलावा रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए किसानों और युवाओं की मदद करने को कृषि और एमएसएमई क्षेत्रों में इनपुट क्रेडिट की गुंजाइश को रेखांकित किया।
जीएमसी जम्मू में दो परिवहन एंबुलेंस आएंगी
उप राज्यपाल ने दो परिवहन एंबुलेंस के लिए 26 लाख रुपये का चेक प्रिंसिपल सरकारी मेडिकल कॉलेज जम्मू और निदेशक स्किमस को एक क्रिटिकल केयर एंबुलेंस के लिए 34 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। वहीं, आयुक्त सचिव समाज कल्याण को 24 लाख, सेवा भारती प्रतिनिधि को 69.73 लाख, विभिन्न मदों के तहत जम्मू केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति को 11 लाख रुपये और जम्मू विश्वविद्यालय के कुलपति को 12 लाख रुपये का चेक दिया।
घर-घर केसीसी अभियान, स्टैंड अप इंडिया स्थापित करें
उप राज्यपाल ने जेएंडके बैंक को घर-घर केसीसी अभियान, स्टैंड-अप इंडिया और स्टार्टअप में संतृप्ति हासिल करने का निर्देश दिया। उम्मीद है कि बैंक वित्तीय साक्षरता कार्यक्रमों को आबादी के एक बड़े हिस्से तक ले जाने के लिए अभियान चलाएगा। बैक टू विलेज और माई टाउन माई प्राइड कार्यक्रमों के तहत बैंकों को उद्यमशील युवाओं को वित्तीय सहायता के विस्तार के लिए निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने का प्रयास करना चाहिए। बैंकों विशेष रूप से जेएंडके बैंक को यह सुनिश्चित करना होगा कि रोजगार और आजीविका के अवसरों के निर्माण के उद्देश्य से लोगों के अनुकूल योजनाओं के साथ किसानों, युवाओं और महिलाओं की आर्थिक जरूरतों को पूरा किया जाए।
इसमें न केवल लाभार्थी बल्कि उनसे जुड़े लोग भी शामिल हों। इस दौरान बैंक के घर-घर केसीसी अभियान और स्वरोजगार उत्सव व सीएसआर पहल पर आधारित दो कॉर्पोरेट फिल्में भी दिखाई गईं। कार्यक्रम में मुख्य सचिव अटल डुल्लू, शैलेंद्र कुमार प्रमुख सचिव कृषि उत्पादन विभाग, बी श्रीधर सीजीएम नाबार्ड, बलदेव प्रकाश एमडी और सीईओ जेएंडके बैंक मौजूद रहे।
बीमा दावा निपटान के चेक सौंपे
उप राज्यपाल ने बैंक के समूह व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा के तहत कवर किए मृत सरकारी कर्मचारियों के कानूनी उत्तराधिकारियों को बीमा दावा निपटान चेक सौंपे। उन्होंने बैंक द्वारा वित्त पोषित सफल उद्यमियों और किसानों को सम्मानित भी किया।
किसान साथी चैटबाट शुरू
उप राज्यपाल ने कृषि उत्पादन विभाग के एआई-आधारित किसान-अनुकूल एप्लिकेशन, किसान साथी चैटबॉट का शुभारंभ किया। प्रासंगिक रूप से जेएंडके बैंक ने चैटबॉट एप्लिकेशन के लिए सीएसआर पहल के तहत 40.27 लाख रुपये का योगदान दिया है।
ई-बस बे/यात्री शेड के निर्माण को 7.19 करोड़ के चेक दिए
उप राज्यपाल ने यात्रियों की सुविधा के लिए ई-बस बे/यात्री शेड के निर्माण के लिए जम्मू-कश्मीर बैंक सीएसआर कार्यक्रम के तहत क्रमशः 3.35 करोड़ रुपये और 3.84 करोड़ रुपये के दो चेक जम्मू स्मार्ट सिटी और श्रीनगर स्मार्ट सिटी के प्रतिनिधियों को सौंपे गए। इसके अलावा जेएंडके बैंक की अन्य सीएसआर पहलों में जेएंडके यूटी के सभी जिला अस्पतालों को 120 रोगी ट्रॉली और 120 व्हीलचेयर प्रदान करने के लिए स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रशासनिक सचिव को प्रतिबद्धता पत्र दिए गए।