जम्मू-कश्मीर: केसर खरीदते समय सावधान रहें, काजीगुंड में लाखों की मिलावटी सामग्री पकड़ी, कठुआ में पकड़ी हेराेइन
जिले के खाद्य सुरक्षा विभाग के मिलावटी केसर बेचने की जानकारी मिली थी। इसके बाद कई जगहों पर कार्रवाई की गई। इस बीच लाखों की मिलावटी केसर पकड़ी गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
खाद्य सुरक्षा विभाग (एफएसडी) की टीम ने अनंतनाग जिले के काजीगुंड में राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित विभिन्न दुकानों पर छापे मारे। इस दौरान टीम ने यहां से ब्रांडेड नामों से बिक रही छह लाख की मिलावटी केसर जब्त की। इस बीच टीम के आने की जानकारी मिलते ही कई व्यवसायी दुकानें बंद करके भाग निकले।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा के नेतृत्व में टीम को जांच के दौरान पता चला कि कुछ खाद्य व्यवसाय संचालकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रियों को मिलावटी केसर बेचने के लिए युवाओं को काम सौंप रखा है। मामले में विभाग ने तीन व्यवसाय संचालकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है, जिन्हें मिलावटी केसर बिकवाने का सरगना माना जा रहा है।
टीम के सदस्यों ने छापे के दौरान करीब 600 किलोग्राम खराब गुणवत्ता वाले अखरोट के दाने भी जब्त किए। इस दौरान लोगों को केसर की खरीदारी करने के लिए जागरूक किया गया। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा टीम ने खाद्य व्यवसाय संचालकों को ऐसी धोखाधड़ी से दूर रहने की चेतावनी दी।
जम्मू से बस में जा रही महिला से 10 किलो भुक्की पकड़ी
कठुआ जिले के थाना राजबाग की पुलिस ने 10 किलो 300 ग्राम भुक्की सहित एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला जम्मू से बस में बैठकर पंजाब की तरफ जा रही थी। पुलिस ने राजबाग नाके पर बस को रोककर महिला को उतारा और तलाशी के दौरान उससे भुक्की बरामद हुई।
आरोपी महिला की पहचान अमृतसर के बकाला निवासी सर्बजीत कौर के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक राजबाग पुलिस को सूचना मिली थी कि जम्मू से पंजाब जा रही बस में एक महिला नशीला पदार्थ लेकर बैठी है। इसके बाद थाना प्रभारी तारिक अहमद के नेतृत्व में पुलिस पार्टी ने राजबाग नाका प्वाइंट पर बस (एचआर55जीवी-7428) को रोककर कार्रवाई की।
राजबाग पुलिस ने महिला पर एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज किया है। एसएसपी कठुआ शिवदीप सिंह जम्वाल ने कहा कि नशा तस्करों पर पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी। उन्होंने जिला वासियों से अपील की कि नशे के खिलाफ कठुआ पुलिस द्वारा चलाए गए अभियान में सहयोग करें और ऐसे नशा तस्करों की सूचना पुलिस को दें।