अनंतनाग में पेट्रोलिंग पार्टी पर हमला, सीआरपीएफ के पांच जवान शहीद, एक पाक आतंकी ढेर
- एसएचओ गंभीर रूप से घायल, एक महिला भी हुई चोटिल
- अल उमर मुजाहिदीन ने जिम्मेदारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले में बुधवार को आतंकियों के हमले में सीआरपीएफ के पांच जवान शहीद हो गए। आतंकियों ने सीआरपीएफ की पेट्रोलिंग पार्टी पर पहले अंधाधुंध गोलियां बरसाईं फिर ग्रेनेड हमला किया। हमले में अनंतनाग के एसएचओ भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मौके पर मौजूद एक महिला को भी चोट पहुंची है। जवाबी कार्रवाई में एक पाकिस्तानी हमलावर आतंकी मारा गया। घटना की जिम्मेदारी आतंकी संगठन अल उमर मुजाहिदीन ने ली है। हालांकि, कहा जा रहा है कि इसमें जैश-ए-मोहम्मद का हाथ है।
घटना व्यस्ततम खन्नाबल-पहलगाम रोड पर अनंतनाग बस स्टेशन से एक किलोमीटर दूर महिला कालेज के पास की है। बताते हैं कि मोटरसाइकिल सवार दो आतंकियों ने वहां पेट्रोलिंग पार्टी को निशाना बनाकर अंधाधुंध फायरिंग की। इससे मौके पर ही एक जवान की मौत हो गई जबकि कुछ अन्य घायल हो गए। सीआरपीएफ 116 बटालियन तथा पुलिस की संयुक्त पिकेट भी वहां तैनात रहती है।
गोलियों की आवाज सुनकर एसएचओ तथा डिवीजनल अफसर रक्षक वाहन से वहां पहुंचे तो आतंकियों ने दोनों गाड़ियों को निशाना बनाकर ग्रेनेड दागे। एसएचओ की गाड़ी से टकराकर ग्रेनेड फट गया, जिसमें एसएचओ अरशद खान घायल हो गए। डिवीजनल अफसर की गाड़ी को निशाना बनाकर दागा गया ग्रेनेड नहीं फटा। घटना के बाद एक आतंकी मौके से भाग निकला।
ये हुए शहीद
सूत्रों के अनुसार, हमले में घायल जवानों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया जहां पांच ने दम तोड़ दिया। सूत्रों के अनुसार, हमले में एएसआई रमेश कुमार ( झज्जर, हरियाणा), निरोद शर्मा (नलबारी, असम), कांस्टेबल सत्येंद्र कुमार (मुजफ्फर नगर, उत्तर प्रदेश), महेश कुमार कुशवाहा (गाजीपुर, उत्तर प्रदेश) व संदीप यादव (देवास, मध्य प्रदेश) शहीद हो गए। घायलों में सीआरपीएफ के हेड कांस्टेबल राजेंदर, कांस्टेबल प्रेमचंद्र कौशिक, कांस्टेबल केदार नाथ ओझा शामिल हैं। हालांकि, पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। एसएचओ को गंभीर अवस्था में सेना के श्रीनगर स्थित 92 बेस अस्पताल में ले जाया गया है। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है। इलाके में व्यापक पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
अमरनाथ यात्रा से पहले हुए हमले से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
एक जुलाई से शुरू हो रही अमरनाथ यात्रा के पहले अनंतनाग में हुए हमले को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। इसी रास्ते से होकर अमरनाथ यात्री पहलगाम जाते हैं। इस वजह से सुरक्षा एजेंसियों की चिंता अधिक है। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। नाके लगाकर जगह-जगह चेकिंग की जा रही है। सूत्रों का कहना है कि खुफिया एजेंसियों की ओर से बस स्टैंड के आस-पास सुरक्षा बलों पर हमले का इनपुट पहले ही दिया गया था।
उमर-महबूबा ने की निंदा
पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला तथा महबूबा मुफ्ती ने हमले की कड़ी निंदा की है। दोनों ने शहीदों के परिवार के प्रति सहानुभूति जताते हुए कहा कि इस प्रकार के बर्बरतापूर्ण हमले की जितनी भी निंदा की जाए कम है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
हाल की प्रमुख घटनाएं
14 फरवरी 2019 : दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ की कानवाय पर फिदायीन हमला, 40 जवान शहीद30 मार्च 2019 : जम्मू संभाग के बनिहाल के पास जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर सीआरपीएफ की कानवाय पर फिदायीन हमले की कोशिश, नुकसान नहीं