अनुछेद 370 पर शुतुर्मुर्गी नीति अपना रही भाजपा: उमर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने अनुच्छेद 370 पर भाजपा पर दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाया है। कहा कि जम्मू में तो इस मुद्दे पर पार्टी के नेता बहस कराने की बात करते हैं, लेकिन कश्मीर में बंदूक उठाने की। इससे लगता है कि पार्टी वोट बैंक हासिल करने के लिए दोहरा मापदंड अपना रही है।
कहा कि राज्य का अपना ध्वज है। इसे किसी भी कीमत पर झुकने नहीं देंगे। उन्होंने चुनौती दी कि यदि भाजपा सही मायने में लोगों का दिल जीतना चाहती है तो उसे इस ध्वज को स्वीकारना होगा। बीरवाह में एक रैली को संबोधित कर रहे थे।
बाद में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 के विषय में प्रधानमंत्री मोदी की कश्मीर में रैली के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। चुनाव बाद भाजपा से गठजोड़ के सवाल पर कहा कि नेकां अपने बलबूते सरकार बनाने के लिए मैदान में है।
कहा मोदी का असर जम्मू में है कश्मीर में नहीं
उन्होंने कहा कि मोदी लहर का असर जम्मू और लद्दाख में तो है, लेकिन कश्मीर में नहीं। बीरवाह बस स्टैंड के पास आयोजित रैली में कहा कि वे गांदरबल को छोड़कर भागे नहीं हैं। उन्होंने यहां के प्रत्येक गांव में विकास कार्य कराए हैं।
कोई ऐसा गांव नहीं है जहां वे नहीं गए हैं। उन्होंने वादा किया कि बीरवाह में गांदरबल से दोगुना विकास कराया जाएगा। कहा कि पिछले 12 साल से यहां नेकां का एमएलए नहीं है। इसके बाद भी उनकी सरकार ने बीरवाह की अनदेखी नहीं की है।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को उन्होंने कभी राजनीति की कसौटी पर नहीं परखा। हर क्षेत्र का समान रूप से विकास किया। सड़क, बिजली, पानी, बेरोजगारी की समस्या दूर करने तथा आतंकी वारदातों में कमी लाने की दिशा में सरकार ने कार्य किए।
कहा गांदरबल छोड़कर नहीं भागा
उन्होंने दावा कि सरकार ने पिछले छह साल में रिकार्ड काम किए हैं। उमर ने कांग्रेस तथा पीडीपी पर भी हमला किया। कहा कि सरकार ने जितने भी अच्छे काम किए वह कांग्रेस के खाते में है और खराब काम उनके खाते में।
दरअसल जब तक उन्होंने राहुल गांधी का साथ और मोदी का विरोध किया तब तक वे बहुत अच्छे थे, लेकिन जब वे कांग्रेस के खिलाफ हो गए तो सबसे बुरे हो गए। पीडीपी पर प्रहार करते हुए कहा कि वे धोखे की राजनीति नहीं करते।
गौरतलब है कि बीरवाह विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 2008 में पीडीपी के विधायक शफी अहमद वानी ने जीत हासिल की थी। उन्होंने नेकां के प्रत्याशी अब्दुल मजीद मट्टू को महज 164 वोटों से पराजित किया था।