शाह ने दिया दो परिवारों से मुक्ति का मंत्र
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर को दो परिवारों की सल्तनत से मुक्त करने का वक्त आ गया है। पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए शाह ने फारूक अब्दुल्ला और मुफ्ती मोहम्मद सईद के परिवार की ओर इशारा करते हुए कहा कि मोदी लहर से यह लोग घबरा गए हैं।
इनकी घबराहट को बनाए रखने के लिए हमें निचले स्तर पर काम करना होगा। बूथ स्तर पर यदि मजबूती होगी तो लोगों को इनके झूठे आश्वासनों से बचाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि रियासत में दो परिवारों ने ही हुकूमत की है और जनता को लूटा है।
शाह ने चुनाव प्रचार एवं मतदान केंद्रों के प्रभारियों से कहा कि अपने-अपने केंद्र पर अभी से काम करना शुरू कर दें। यह भी कहा कि यदि इस बार भाजपा राज्य में सरकार नहीं बना पाई तो कभी नहीं बना पाएगी, क्योंकि इस चुनाव में भाजपा को एक उम्मीद की नजर से देखा जा रहा है।
जब प्रवेश गेट से भटके शाह
होटल पहुंचने पर अमित शाह को कोई जानकारी नहीं होने से वह आयोजन स्थल की जगह होटल में पहुंच गए। यहां उनको बताया गया कि उनको किसी दूसरी जगह जाना है। दरअसल, अमित शाह के साथ कोई भी स्थानीय नेता नहीं था। सभी नेता आयोजन स्थल पर पहुंच चुके थे। शाह जब पहुंचे तो उनको कोई रिसीव करने नहीं पहुंच पाया। बाद में उन्हें सुरक्षा बलों ने आयोजन स्थल पर पहुंचाया।
28 को पुंछ जा सकते हैं मोदी
उधमपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 नवंबर को रैली को संबोधित करेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार उधमपुर के बाद मोदी पुंछ भी जा सकते हैं। हालांकि यह अभी तय नहीं हो पाया है, लेकिन पुंछ में भी मोदी की रैली को होने संभावना है।