जम्मू-कश्मीर: अवाम की आवाज से जुड़े गांव-गांव के लोग, कई नागरिकों ने दिए सुझाव
शहर के साथ ग्रामीण इलाकों में लोग रेडियो से जुड़े रहे। प्रदेश के विकास, रोजगार व अन्य मुद्दों पर सरकार के रोडमैप के बारे में जानकारी हासिल की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उप-राज्यपाल के आवाम की आवाज को जम्मू और कश्मीर दोनों ही संभाग में गांव-गांव में सुना गया। ग्रामीण इलाके में लोगों ने सामूहिक रूप से मनोज सिन्हा की प्रदेश के विकास, युवाओं को रोजगार तथा अन्य मुद्दों पर रोडमैप के बारे में जाना। कई नागरिकों ने अपने सुझाव भी दिए।
खानमोह की नसीरा अख्तर ने महिला उद्यमियों को सिडबी से लोन देकर छोटी-छोटी कंपनियों को बढ़ावा देने का सुझाव रखा। इस पर उप-राज्यपाल ने कहा कि 28400 करोड़ रुपये नए औद्योगिक विकास योजना में छोटे तथा बड़े दोनों प्रकार के उद्योगों के बढ़ावे को चार प्रकार के इंसेंटिव की व्यवस्था की गई है। 18 से 35 साल की महिलाओं के लिए तेजस्विनी योजना का शुभारंभ किया गया है, जिसमें ब्याज रहित आर्थिक सहायता प्रदान करने का प्रावधान है।
श्रीनगर की नाजनीन ने पश्मीना व कानी जैसे स्थानीय हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के लिए विशेष ऋण देने की व्यवस्था करने का सुझाव रखा। जम्मू की डॉ. जसलीन ने कैंसर मरीजों और सेवानिवृत्त कर्मियों की प्रतिपूर्ति प्राथमिकता पर करने को कहा। साथ ही फ्रंटलाइन वॉरियर्स को विशेष इंसेंटिव देने का आग्रह किया। उप-राज्यपाल ने डॉ. जसलीन के सुझावों को प्राथमिकता पर रखने का स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया।
बारामुला की मसरत कौसर ने कृषि को बढ़ावा के लिए हाईटेक ग्रीन हाउस, प्रत्येक जिले में मॉडल नर्सरी तथा पांच कोल्ड स्टोरेज की स्थापना का सुझाव दिया। जम्मू-कश्मीर महिला रग्बी टीम की कोच सोलिहा युसूफ ने श्रीनगर में रग्बी टर्फ तथा महिला खिलाड़ियों के लिए आधारभूत सुविधाएं मुहैया कराने को कहा।
उप-राज्यपाल ने कहा कि पोलो ग्राउंड में बनने वाला टर्फ इस वित्तीय वर्ष में तैयार हो जाएगा। जम्मू के वरिष्ठ नागरिक रामदेव शर्मा ने गांवों में जनता केंद्रित विकास योजनाओं पर बल दिया। किश्तवाड़ की रीतू शर्मा ने ऑनलाइन कक्षाओं के लिए शिक्षकों को लैपटॉप दिए जाने का स्वागत किया।
अमृत महोत्सव को यादगार बनाने पर भी आए सुझाव
बारामुला के वकार गिलानी ने आजादी के अमृत महोत्सव के तहत मकबूल शेरवानी की गाथा को लोकसंगीत के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने को कहा। राजोरी के निपुण ने स्वतंत्रता संघर्ष पर गरीब छात्रों को 75 पुस्तकें देने का एलान किया। बसोहली की उमा शर्मा को 75 कविताओं की रचना के लिए बधाई दी। उप-राज्यपाल ने मोहत्सव के तहत बसोहली पेंटिंग के लिए स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से मार्केटिंग नेटवर्क तैयार करने को कहा।
कोरोना काल में बेहतर काम करने वालों को किया सलाम
उप-राज्यपाल ने कार्यक्रम में कोरोना काल में बेहतर काम करने वालों का नाम लिया और सैल्यूट किया। उन्होंने जम्मू के त्रेवा की सरपंच बलबीर कौर का नाम लिया जिन्होंने 30 बेड का क्वारंटीन सेंटर बनाया। गांदरबल की सरपंच जैतूना बेगम ने मुफ्त मास्क, राशन, बीज, सेब के पौधे बांटकर उदाहरण पेश किया। रियासी के पैंथल ब्लॉक के 81 वर्षीय शंकर सिंह ने जरूरतमंदों के अनाज की पिसाई, श्रीनगर की इरफाना जरगर ने सैनिटरी पैड बांटकर कोरोना काल में लोगों की मुश्किलों को कम करने का प्रयास किया।