जम्मू-कश्मीर: अवंतीपोरा में सुरक्षाबल और आतंकियों के बीच मुठभेड़, जैश-ए-मोहम्मद का टॉप कमांडर ढेर
सुरक्षाबलों को अवंतीपोरा के त्राल इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी जिसके बाद घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के त्राल में बुधवार को सुरक्षा बलों ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के शीर्ष कमांडर शमसुद्दीन सोफी उर्फ शाम सोफी को एक मुठभेड़ में मार गिराया। सोफी पर 12 लाख का इनाम था, वह ए प्लस श्रेणी का आतंकी था। सुरक्षा बलों पूरे इलाके को घेर रखा है तथा देर रात तक ऑपरेशन चल रहा था। वहां पर कुछ और आतंकियों के मौजूद होने की सूचना है। मारे गए आतंकी के पास से हथियार भी मिले हैं।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को त्राल इलाके के तिलवानी मोहल्ले में कुछ आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने संयुक्त रूप से इलाके को घेर कर तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान छिपे हुए आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू दी। जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी मारा गया।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: हमलों को लेकर एनआईए को बड़ी कामयाबी, चार आतंकी गिरफ्तार
कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि मारा गया आतंकी जैश का शीर्ष कमांडर शमसुद्दीन उर्फ शाम सोफी घाटी में सक्रिय आतंकियों की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था। जून 2019 से सक्रिय सोफी सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर हमले व नागरिकों पर अत्याचार करने वाले आतंकी समूहों का हिस्सा था। उसके खिलाफ कई मामले दर्ज थे। उसे पहली बार वर्ष 2004 में पीएसए के तहत गिरफ्तार किया गया था। वह आतंकी गुटों में शामिल होने से पहले त्राल क्षेत्र में सक्रिय आतंकवादियों को खाने, रहने के साथ सभी प्रकार की मदद उपलब्ध कराता था। साथ ही स्थानीय युवाओं को आतंकी गुटों में शामिल होने के लिए प्रेरित करता था।
तीन दिन में आठ आतंकी मारे गए
कश्मीर घाटी में अल्पसंख्यकों की हत्या के बाद लोगों में सुरक्षा की भावना बनाए रखने के लिए सुरक्षाबलों ने दहशतगर्दों के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ दिया है। पिछले तीन दिन में आठ आतंकी मारे जा चुके हैं। सुरक्षाबलों ने अक्तूबर के शुरूआती 13 दिनों के भीतर आठ मुठभेड़ में 10 आतंकियों को मार गिराया। यह सभी अलग-अलग आतंकी तंजीमों से संबद्ध थे। इनमें से ज्यादातर ऑपरेशन दक्षिण कश्मीर में हुए हैं और 10 आतंकियों में से 8 को दक्षिण-कश्मीर के शोपियां, पुलवामा और अनंतनाग जिले में मार गिराया गया है।