जम्मू-कश्मीरः अब घर पर मिलेंगे डोमिसाइल प्रमाणपत्र, जिला प्रशासन से मोबाइल वैन सेवा शुरू की
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डोमिसाइल के लिए अब आपको परेशान होने की जरूरत नहीं, जिला प्रशासन घर-घर जाकर प्रमाणपत्र देगा। शुक्रवार को इसके लिए मोबाइल वैन सेवा शुरू की गई। संबंधित इलाकों के तहसीलदार गली-मोहल्लों तक पहुंचकर लोगों को मौके पर जरूरी दस्तावेज लेकर डोमिसाइल प्रमाणपत्र जारी करेंगे। पहले चरण में जम्मू वेस्ट, नगरोटा और डंसाल तहसील को कवर किया जा रहा है, जिसके बाद पूरे जिले में इस व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। प्रदेश के जम्मू जिले में इस व्यवस्था को लागू किया गया है।
शुक्रवार को जिला प्रशासन के कार्यालय से एसीआर राजस्व विजय शर्मा ने मोबाइल वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। डोमिसाइल व्यवस्था में देखा गया है कि ऑनलाइन सेवा शुरू करने के बावजूद बड़ी संख्या में लोग प्रमाणपत्र के लिए ऑफलाइन सेवा की ओर आकर्षित हो हैं। इससे संबंधित कार्यालयों में भीड़ बढ़ी है, जिससे कोविड-19 के चलते सामाजिक दूरी का पालन करवाना मुश्किल हो रहा है।
यह भी पढ़ेंः कोरोना संक्रमित जवान की मौत, श्रीनगर में हुआ अंतिम संस्कार, बेबसी का ये मंजर देख सभी रो पड़े
अधिकारी ने बताया कि कोरोना के बढ़ते प्रकोप के बीच गाइडलाइन को सुनिश्चित बनाने के लिए मोबाइल सेवा शुरू की गई है। इसके लिए संबंधित क्षेत्र के लोगों को एक दिन पहले ही जानकारी पहुंचा दी जाएगी, ताकि अगले दिन वे घर पर मौजूद रहे और संबंधित अधिकारियों को जरूरी दस्तावेज दिखा सकें। इसमें पहले से स्थायी स्थायी नागरिकता प्रमाणपत्र पाने वालों को प्राथमिकता दी जाएगी।
मौके पर तहसीलदार और उनकी टीम जरूरी दस्तावेजों की जांच करेगी और आवेदक को वहीं पर डोमिसाइल प्रमाणपत्र जारी कर देगी। इसका उद्देश्य लोगों को घर बैठे ही प्रमाणपत्र पहुंचाना है, ताकि कार्यालयों में भीड़ न बढ़े और संक्रमण का प्रसार होने का खतरा न रहे। इसके अलावा अन्य वर्ग के लोगों के लिए पहले से ही ऑनलाइन और ऑफलाइन सेवा दी जा रही है, जिसमें जरूरी औपचारिकताओं के पूरा करने के बाद प्रमाणपत्र जारी किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ेंः अरुण जेटली घर में पढ़ते थे जम्मू-कश्मीर का संविधान, पर इस प्लान से संगीता भी थीं अनजान
तहसीलदार बनाएंगे शेड्यूल, स्थायी नागरिकता प्रमाणपत्र वालों को प्राथमिकता
मोबाइल डोमिसाइल प्रमाणपत्रों के वितरण के लिए संबंधित तहसीलों को शेड्यूल बनाने को कहा गया है। इसमें देखा जाएगा कि किस क्षेत्र से अधिक आवेदन आए हैं और वहां कितनी प्राथमिकता है, जिसके आधार पर उक्त क्षेत्रों को चिन्हित करके दिन के हिसाब से तहसीलदारों के साथ टीमें जाएंगी।
मोबाइल डोमिसाइल प्रमाणपत्रों के वितरण में स्थायी नागरिकता प्रमाणपत्र पाने वालों को प्राथमिकता दी जाएगी। ऐसे आवेदनकर्ताओं को मौके पर अपने दो फोटो, राशन कार्ड, आधार कार्ड और स्थायी नागरिकता प्रमाणपत्र दिखाना होगा। जिसके बाद उनसे जरूरी दस्तावेज लेकर डोमिसाइल प्रमाणपत्र जारी कर दिए जाएंगे।
पहले दिन 600 से अधिक प्रमाणपत्र किए वितरित
शुक्रवार को संबंधित तीन तहसीलों में 663 डोमिसाइल प्रमाणपत्र देर शाम तक आवेदनकर्ताओं में वितरित किए जा चुके थे। इसमें जम्मू वेस्ट में 168, नगरोटा में 185 और डंसाल तहसील में 310 डोमिसाइल प्रमाणपत्र वितरित किए गए।